लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में सड़क पर उतरे हजारों किसान, राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी

Farmers Protest in Punjab: किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों को बर्बाद करने पर तुली हैं. भारत अमेरिकी समझौते पर कहा कि सरकार किसानों से बात किए बिना समझौता कर रही है, जिससे अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार डंपिंग ग्राउंड बन जाएगा, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 14 Jul, 2026 | 07:46 PM

पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी के विरोध में हजारों की संख्या में किसानों टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन किया और सीएम भगवंत मान के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के आह्वान पर जुटे किसानों ने भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित समझौते को किसानों के लिए फांसी का फंदा बताया. किसानों ने राज्य के 40 से ज्यादा टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया और वहां से वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए गुजरने दिया. किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि अमेरिकी डील से घरेलू बाजार डंपिंग ग्राउंड बन जाएंगे. उन्होंने भगवंत मान सरकार को किसान विरोधी बताते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई.

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के राष्ट्रीय संयोजक और भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) के अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान टोल प्लाजा पर जुटे और केंद्र एवं पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. विरोध-प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ जो शाम तक जारी रहा. इस दौरान प्रदर्शनकारी किसानों ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों को बिना किसी शुल्क के भुगतान के वहां से आने-जाने दिया. किसानों ने बताया कि कलाझाड़, लाडोवाल, चहर, कुराली और डप्पर समेत राज्य के 40 से अधिक टोल प्लाजा पर विरोध-प्रदर्शन किया गया.

अमेरिकी डेल से घरेलू बाजार डंपिंग ग्राउंड बन जाएंगे – डल्लेवाल

बठिंडा के जीड़ा टोल प्लाजा पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने प्रदर्शनकारी किसानों का नेतृत्व किया. डल्लेवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों को बर्बाद करने पर तुली हैं. भारत अमेरिकी समझौते पर कहा कि सरकार किसानों से बात किए बिना समझौता कर रही है, जिससे अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार डंपिंग ग्राउंड बन जाएगा, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे. उन्होंने लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर भगवंत मान सरकार को किसान विरोधी बताते हुए जमकर खरी खोटी सुनाई और पॉलिसी में सुधार करने को कहा है.

किसानों की जमीन लूटना चाह रही पंजाब सरकार

मोहाली के डप्पर टोल प्लाजा पर किसान नेता जसविंदर सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ. किसान नेता ने कहा कि वे भूमि पूलिंग नीति, प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते और भूमि बंधक बैंक में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं. सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हाल में संशोधित भूमि पूलिंग नीति के जरिये किसानों की जमीन लूटना” चाहती है. उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते से भारतीय किसानों के हितों पर बुरा असर पड़ेगा.

खरड़ टोल प्लाजा पर प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं ने कहा कि भूमि पूलिंग नीति और भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में उन्हें पंजाब सरकार और केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा. प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि भूमि पूलिंग नीति के तहत राज्य सरकार उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण करके उसे कॉरपोरेट घरानों को सौंपना चाहती है। उन्होंने इस नीति को वापस लेने की मांग की.

यूएस ट्रेड डील नहीं रोकी तो आंदोलन तेज होगा

भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते का विरोध करते हुए किसानों ने मांग की कि कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को इस समझौते से बाहर रखा जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता भारतीय किसानों के हितों पर प्रतिकूल असर डालेगा, इसलिए इसे रद्द किया जाना चाहिए. किसानों ने केंद्र और पंजाब सरकार से उनकी मांगों पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने मांगें नहीं माने जाने पर अपना आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 14 Jul, 2026 | 07:36 PM

लेटेस्ट न्यूज़