60 साल पुराने गन्ना कानून में सुधार की तैयारी, अब 14 दिन में भुगतान और किसानों को मिलेंगे बड़े फायदे

सरकार ने 1966 से लागू पुराने नियमों को बदलने का प्रस्ताव रखा है और इसके लिए “गन्ना (नियंत्रण) आदेश 2026” का मसौदा (Draft) सामने रखा गया है. इस मसौदे पर 20 मई तक किसानों, उद्योग से जुड़े लोगों और आम जनता से सुझाव मांगे गए हैं, ताकि हर पहलू को समझकर अंतिम फैसला लिया जा सके.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 23 Apr, 2026 | 10:14 AM

Sugarcane Control Order 2026: भारत में गन्ना खेती से जुड़े नियम अब एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहे हैं. लंबे समय से चल रहे पुराने कानून को बदलकर सरकार एक नया ढांचा तैयार कर रही है, ताकि गन्ना खेती और चीनी उद्योग को आज के दौर के हिसाब से ज्यादा बेहतर, साफ-सुथरा और मजबूत बनाया जा सके. खास बात यह है कि यह बदलाव ऐसे समय पर हो रहा है, जब गन्ना सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उद्योग और ऊर्जा..तीनों क्षेत्रों में इसकी अहमियत तेजी से बढ़ रही है.

पुराने नियमों की जगह नई सोच

सरकार ने 1966 से लागू पुराने नियमों को बदलने का प्रस्ताव रखा है और इसके लिए “गन्ना (नियंत्रण) आदेश 2026” का मसौदा (Draft) सामने रखा गया है. इस मसौदे पर 20 मई तक किसानों, उद्योग से जुड़े लोगों और आम जनता से सुझाव मांगे गए हैं, ताकि हर पहलू को समझकर अंतिम फैसला लिया जा सके.

हालांकि नए मसौदे में कुछ जरूरी बातें पहले जैसी ही रखी गई हैं, जैसे गन्ने का तय दाम, किसानों को समय पर भुगतान और देरी होने पर ब्याज. लेकिन इसके साथ ही कई नई बातें जोड़ी गई हैं, जो पूरे सिस्टम को ज्यादा आधुनिक और भरोसेमंद बनाएंगी.

अब एथेनॉल भी होगा बराबर का हिस्सा

इस नए प्रस्ताव की सबसे खास बात यह है कि इसमें एथेनॉल को साफ तौर पर जगह दी गई है. अब गन्ने से बनने वाले एथेनॉल को भी चीनी उद्योग का हिस्सा माना जाएगा. यानी गन्ने का इस्तेमाल सिर्फ चीनी बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उससे बनने वाले दूसरे उत्पाद भी उतने ही अहम माने जाएंगे.

सरकार ने एक आसान गणना का तरीका भी तय किया है, जिसमें 600 लीटर एथेनॉल को एक टन चीनी के बराबर माना जाएगा. इससे उत्पादन का हिसाब साफ रहेगा. साथ ही जो इकाइयां सिर्फ एथेनॉल बनाती हैं, उन्हें कुछ नियमों में राहत देकर इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने की कोशिश की गई है.

अब सब कुछ होगा डिजिटल और पारदर्शी

नए नियमों में तकनीक को खास महत्व दिया गया है. हर चीनी मिल को एक अलग पहचान यानी नाम और कोड दिया जाएगा, जिससे उसकी गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा. इसके साथ ही अब रिपोर्टिंग का काम भी कागजों से हटकर डिजिटल तरीके से होगा. इससे आंकड़े सीधे और सही तरीके से जमा होंगे, जिससे गड़बड़ी की संभावना कम होगी और पूरी प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी.

नई मिल लगाने के नियम हुए सख्त

सरकार ने यह भी तय किया है कि अब नई चीनी मिलें पहले जितनी आसानी से नहीं लग सकेंगी. पहले जहां दो मिलों के बीच 15 किलोमीटर की दूरी जरूरी थी, अब इसे बढ़ाकर 25 किलोमीटर करने का प्रस्ताव है. इसका मकसद साफ है एक ही इलाके में बहुत ज्यादा मिलें न खुलें, जिससे गन्ने की कमी और आपसी प्रतिस्पर्धा न बढ़े. जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार इस दूरी को और भी बढ़ा सकती है.

पुरानी मिलों के विस्तार पर भी नजर

सिर्फ नई मिलों पर ही नहीं, बल्कि पहले से चल रही मिलों पर भी ध्यान दिया जाएगा. अगर कोई मिल अपनी क्षमता बढ़ाना चाहती है, तो उसे राज्य सरकार की मंजूरी लेनी होगी. इस दौरान यह देखा जाएगा कि उस क्षेत्र में गन्ना कितना उपलब्ध है, खेती का क्षेत्र कितना है और आसपास की मिलों पर इसका क्या असर पड़ेगा. इससे पूरे उद्योग में संतुलन बना रहेगा.

अब नियम होंगे और भी सख्त

नए कानून में फैक्ट्री शुरू करने से लेकर उसके संचालन तक के लिए साफ नियम बनाए गए हैं. समयसीमा तय की गई है और प्रदर्शन के आधार पर आर्थिक गारंटी की व्यवस्था भी की गई है. अगर कोई मिल लगातार सात सीजन तक बंद रहती है, तो उसकी मान्यता अपने आप खत्म हो जाएगी. इससे उन परियोजनाओं पर रोक लगेगी जो सिर्फ कागजों में ही चल रही हैं.

दुनिया में भारत की मजबूत स्थिति

भारत आज दुनिया में ब्राजील के बाद दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश है. ऐसे में यहां के नियमों में बदलाव का असर सिर्फ देश तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी पड़ता है. यही वजह है कि सरकार इस कानून को लागू करने से पहले हर पक्ष की राय लेना चाहती है.

किसानों के लिए क्यों है यह बदलाव खास

इस पूरे बदलाव का सबसे ज्यादा असर गन्ना किसानों पर ही पड़ेगा. नए नियमों से उन्हें कई तरह से फायदा मिलने की उम्मीद है. सबसे बड़ी बात यह है कि उन्हें समय पर भुगतान मिलेगा, जिससे आर्थिक दबाव कम होगा. अगर भुगतान में देरी होती है तो ब्याज मिलने से नुकसान की भरपाई हो सकेगी.

इसके साख ही मिलों के बीच संतुलन रहने से गन्ने की मांग स्थिर बनी रहेगी, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी नहीं होगी. एथेनॉल उत्पादन बढ़ने से गन्ने की खपत भी बढ़ेगी और किसानों के लिए नए मौके खुलेंगे.

इतना ही नहीं,  डिजिटल व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया साफ और पारदर्शी बनेगी, जिससे भुगतान और खरीद में होने वाली गड़बड़ियों की गुंजाइश कम हो जाएगी. कुल मिलाकर यह बदलाव गन्ना किसानों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है, जो उनकी आय और भरोसे दोनों को मजबूत कर सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार

लेटेस्ट न्यूज़