केन बेतवा आंदोलन : सरकार 7 दिनों में जारी करेगी पुनर्वास पैकेज, अमित भटनागर आईसीयू में भर्ती 

Ken Betwa project Protest : कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि धरना स्थल पर मौजूद लोग पन्ना जिले की रूंझ एवं मझगांय परियोजना से प्रभावित हैं. उनकी मांग के अनुरूप पुनर्वास पैकेज की राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर साढ़े बारह लाख रुपये किए जाने का निर्णय मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट में स्वीकृत किया जा चुका है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 20 Jul, 2026 | 01:17 PM
मध्य प्रदेश के छतरपुर में केन बेतावा परियोजना के विरोध में जारी प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कहा है कि 7 से 10 दिनों के अंदर पुनर्वास पैकेज जारी किया जाएगा. वहीं, जय किसान संगठन के नेता और भूख हड़ताल कर रहे अमित भटनागर को कल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, समर्थकों ने कहा है कि अमित को आईसीयू में भर्ती कराया गया है.
छतरपुर के जिलाधिकारी पार्थ जायसवाल ने आधिकारिक बयान में कहा कि ग्राम कुपी स्थित बराना नदी के समीप पिछले कई दिनों से धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को लगातार हो रही बारिश, नदी के बढ़ते जलस्तर तथा मानव जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर एवं उनके कुछ साथियों की स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों को देखते हुए उन्हें पुलिस एवं प्रशासन की उपस्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिजावर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि धरना स्थल पर मौजूद लोग पन्ना जिले की रूंझ एवं मझगांय परियोजना से प्रभावित हैं. उनकी मांग के अनुरूप पुनर्वास पैकेज की राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर साढ़े बारह लाख रुपये किए जाने का निर्णय मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट में पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है. इसकी जानकारी छतरपुर एवं पन्ना जिला प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को कई बार दी गई, फिर भी धरना जारी रहा.

7 से 10 दिनों में जारी होगा पुनर्वास पैकेज

कलेक्टर ने कहा कि पुनर्वास पैकेज संबंधी शासनादेश अगले 7 से 10 दिनों में जारी होने की संभावना है. इसके बाद पन्ना जिला प्रशासन नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा. मुआवजा वितरण में अनियमितताओं संबंधी कोई लिखित शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है. यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की सभी समस्याएं पन्ना जिले से संबंधित हैं, इसलिए उनके निराकरण की कार्रवाई पन्ना जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी. यदि छतरपुर जिले से संबंधित कोई शिकायत होगी तो उसका समाधान छतरपुर प्रशासन करेगा.

जिला अस्पातल के आईसीयू में भर्ती अमित भटनागर

जय किसान संगठन की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि अमित भटनागर को 20 जुलाई की सुबह जिला अस्पताल रेफर किया गया है. उन्हें वर्तमान में आईसीयू में उपचार किया जा रहा है. इससे पहले उन्हें बिझावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया था. अमित ने कहा है कि वह कुछ भी खाएंगे-पियेंगे नहीं.

1- अमित भटनागर को जिला अस्पताल रेफर किया गया. 2- कलेक्टर पार्थ जायसवाल. 3- अमित भटनागर.

अफसरों ने फर्जी लोगों को निवासी दिखाकर मुआवजा जारी कराया- अमित भटनागर

किसान नेता अमित भटनागर ने जारी वीडियो में कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना, मजगांव डैम, रुझ, नैगुवां सिंचाई परियोजना और एनटीपीसी परियोजनाओं में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है. इसमें संवैधानिक अधिकारों की लोगों की हत्या तो की गई है. अधिकारियों ने भ्रष्टाचार करके ग्राम सभाएं फर्जी दर्ज की हैं और अपने रिश्तेदारों को फर्जी तरीके से गांव का निवासी दिखाकर मुआवजा जारी करा लिया गया है. ग्रामीणों के हिस्से का 60 फीसदी से अधिक मुआवजा फर्जी तरीके से अपात्र लोगों के खाते में ट्रांसफर किया गया है.

400 करोड़ का भ्रष्टाचार और 50 हजार आदिवासियों को बर्बाद करने का आरोप

अमित भटनागर ने कहा कि इन परियोजनाओं से अधिकारियों और उनके रिश्तेदारों की चांदी हुई है. नेताओं और दलालों ने आदिवासियों किसानों का हक खा लिया है. उन्होंने कहा कि यह घोटाला इतना बड़ा है कि इसमें 400 करोड़ से ज्यादा का भ्रष्टाचार किया गया है. इससे 50,000 लोगों का जीवन पूरी तरीके से बर्बाद और उजाड़ कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि वह इस घोटाले में शामिल लोगों के नामों और दस्तावेजों का खुलासा करेंगे. लेकिन, सरकार इस पूरे आंदोलन को दबाने-कुचलने में जुट गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Jul, 2026 | 01:04 PM

लेटेस्ट न्यूज़