1 अप्रैल से बदल जाएंगे ये 10 नियम, बढ़ जाएगा आपकी जेब पर बोझ.. हर इंसान होगा प्रभावित

1 अप्रैल से इनकम टैक्स, FASTag, LPG, रेलवे टिकट, ATM, UPI और पेट्रोल से जुड़े कई नए नियम लागू होंगे. इन बदलावों का सीधा असर सैलरी, सफर, गैस खर्च और डिजिटल पेमेंट पर पड़ेगा. नया वित्तीय साल कुछ जगह राहत देगा, तो कुछ जगह अतिरिक्त खर्च भी बढ़ा सकता है.

नोएडा | Published: 31 Mar, 2026 | 05:45 PM

Rules Change From 1st April: नया वित्तीय साल शुरू होते ही 1 अप्रैल 2026 से आपकी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं. इस बार बदलाव सिर्फ इनकम टैक्स, सैलरी, FASTag और रेलवे टिकट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि LPG सिलेंडर, पेट्रोल में E20 ब्लेंड, ATM, UPI और PAN जैसे जरूरी कामों पर भी असर दिखेगा. ऐसे में अगर आप पहले से जानकारी रखेंगे, तो जेब पर पड़ने वाले असर को बेहतर तरीके से संभाल पाएंगे. यह बदलाव हर घर, हर नौकरीपेशा और हर यात्री के लिए अहम हैं.

टैक्स सिस्टम आसान, ITR भरने में राहत

सबसे बड़ा बदलाव इनकम टैक्स में है. 1 अप्रैल से नया Income Tax Act 2025 लागू होगा, जो पुराने 1961 कानून की जगह लेगा. अब फाइनेंशियल ईयर  और असेसमेंट ईयर की जगह सिर्फ टैक्स ईयर रहेगा, जिससे लोगों का कन्फ्यूजन कम होगा. गैर-ऑडिट टैक्सपेयर्स के लिए ITR-3 और ITR-4 की आखिरी तारीख 31 अगस्त कर दी गई है. इससे नौकरीपेशा और छोटे कारोबारी लोगों को रिटर्न भरने के लिए ज्यादा समय मिलेगा.

सैलरी, PF और ग्रेच्युटी में बड़ा असर

नए लेबर कोड लागू होने की संभावना के बीच कंपनियों को कुल वेतन का कम से कम 50 फीसदी बेसिक पे रखना पड़ सकता है. इसका सीधा असर यह होगा कि PF ज्यादा कटेगा और टेक होम सैलरी थोड़ी कम दिखेगी. हालांकि अच्छी बात यह है कि इससे PF फंड और ग्रेच्युटी की रकम बढ़ेगी, जो लंबे समय में कर्मचारियों के लिए फायदेमंद  साबित होगी. HRA क्लेम करने वालों को मकान मालिक का PAN और किराया रसीद संभालकर रखनी होगी.

FASTag, LPG और पेट्रोल पर जेब का असर

हाईवे पर सफर करने वालों के लिए FASTag वार्षिक पास अब 3000 रुपये से बढ़कर 3075 रुपये हो जाएगा. यह निजी वाहनों के लिए लागू होगा और एक साल या 200 क्रॉसिंग तक मान्य रहेगा. LPG सिलेंडर  की कीमतों में भी 1 अप्रैल से बदलाव संभव है. घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडर के दाम अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल और डॉलर की चाल के हिसाब से बदल सकते हैं. इसके साथ ही भारत में E20 पेट्रोल लागू होगा, यानी पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंड रहेगा. इससे प्रदूषण और तेल आयात कम होगा, लेकिन पुराने वाहनों की माइलेज में 3-7 फीसदी तक कमी आ सकती है.

रेलवे टिकट, PAN और क्रेडिट स्कोर नियम

रेलवे टिकट कैंसिलेशन में अब रिफंड के नियम बदले हैं.

अब यात्री ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे, जिससे बड़े शहरों में सफर आसान होगा.

PAN कार्ड  के लिए अब सिर्फ आधार से जन्मतिथि साबित नहीं होगी. 10वीं की मार्कशीट, जन्म प्रमाणपत्र या पासपोर्ट देना जरूरी होगा. RBI के नए नियम के बाद बैंकों को लोन डेटा हर हफ्ते क्रेडिट ब्यूरो को भेजना होगा, जिससे आपका क्रेडिट स्कोर जल्दी अपडेट होगा. EMI समय पर भरने वालों को इसका फायदा मिलेगा.

ATM, UPI और डिजिटल पेमेंट में सख्ती

ATM से पैसे निकालना कुछ बैंकों में महंगा हो सकता है. फ्री लिमिट खत्म होने के बाद 23 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन चार्ज लगेगा. बैलेंस कम होने पर फेल ट्रांजैक्शन पर भी शुल्क देना पड़ सकता है. डिजिटल पेमेंट में सुरक्षा बढ़ाई गई है. अब UPI, कार्ड और वॉलेट पेमेंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होगा. यानी सिर्फ OTP नहीं, PIN या बायोमेट्रिक जैसी अतिरिक्त सुरक्षा भी जरूरी होगी. इससे फ्रॉड का खतरा कम होगा.

Topics: