पद्म पुरस्कारों की लिस्ट जारी.. रेशम किसान जोगेश देउरी को पद्मश्री मिला, कृषि-पशुपालन में 3 अन्य को अवॉर्ड

Padma Awards 2026 for Agriculture & Animal Husbandry: कृषि और पशुपालन क्षेत्र में अहम योगदान देने वाले चार शख्सियतों को पद्म पुरस्कार के लिए चुना गया है. सरकार ने पद्म पुरस्कारों की घोषणा करते हुए सभी विजेताओं के नामों की सूची भी जारी कर दी है.

नोएडा | Updated On: 25 Jan, 2026 | 07:38 PM

Padma Awards 2026 in Agriculture and Animal Husbandry Category: कृषि और पशुपालन क्षेत्र में अहम योगदान देने वाली चार शख्सियतों को पद्म पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है. उत्तर प्रदेश के किसान रघुपत सिंह को मरणोपरांत पद्म सम्मान के लिए चुना गया है. इसके अलावा असम के रेशम किसान जोगेश देउरी को पद्मश्री के लिए चुना गया है. जबकि, पशुपालन के क्षेत्र में अहम योगदान के लिए  तेलंगाना के रामा रेड्डी मामिदी का नाम सूची में शामिल किया गया है. वहीं, महाराष्ट्र के प्रगतिशील किसान श्रीरंग देवाबा लाड को पद्म सम्मान को लिए चुना गया है.

पद्म पुरस्कार 2026 सूची में 131 लोगों के नाम शामिल, 19 महिलाएं भी

केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा करते हुए चयनित सभी लोगों के नामों की सूची भी जारी कर दी है. इस बार 131 लोगों को पद्म सम्मानों से नवाजा जाएगा. इन सम्मानों में पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण सम्मान शामिल हैं. राष्ट्रपति ने इस साल 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है. सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं. पुरस्कार पाने वालों में से 19 महिलाएं हैं और 16 मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले भी शामिल हैं.

विलुप्त हो चुकी सब्जियों को बचाने वाले किसान रघुपति सिंह को पद्म सम्मान

उत्तर प्रदेश के किसान रघुपत सिंह (Raghupat Singh) को मरणोपरांत पद्म सम्मान 2026 के लिए चुना गया है. उन्हें कृषि में अहम योगदान के लिए यह अवॉर्ड दिया जा रहा है. किसान रघुपत सिंह मुरादाबाद के बिलारी गांव के रहने वाले थे. उन्होंने 55 से ज्यादा विलुप्त हो चुकी सब्जियों को बचाने में अहम भूमिका निभाई और उनकी खेती कर उनके बीज संरक्षित किए. उन्होंने 100 से ज्यादा नई किस्में और वनस्पतियों को भी विकसित किया. इसके लिए उन्हें कई प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

मूंगा रेशम उत्पादन में अहम भूमिका के लिए असम के किसान जोगेश देउरी को पद्म सम्मान

असम के किसान जोगेश देउरी (Jogesh Deuri) को मूंगा रेशम को वैश्विक पहचान दिलाने और किसानों को समृद्ध करने के लिए पद्म सम्मान के लिए चुना गया है. यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने असम के साथ रेशम की खेती को नई पहचान दिलाई है. बता दें कि मूंगा रेशम को जीआई टैग भी हासिल है. मूंगा रेशम (Muga Silk) भारत के असम राज्य में उत्पादित होने वाला एक दुर्लभ और अनूठा सुनहरा रेशम है, जो अपनी प्राकृतिक सुनहरी चमक, अत्यधिक मजबूती और टिकाऊपन के लिए प्रसिद्ध है. यह एक प्राकृतिक रेशम है, जिसे रंगा नहीं जाता और हर धुलाई के साथ इसकी चमक बढ़ती है.

कपास की नई किस्म देने वाले महाराष्ट्र के श्रीरंग देवाबा लाड को पद्म सम्मान

महाराष्ट्र के किसान श्रीरंग देवाबा लाड (Shrirang Devaba Lad) को पद्म सम्मान 2026 के लिए चुना गया है. किसान श्रीरंग देवाबा लाड कृषि इनोवेटर हैं, जो दादा लाड कपास तकनीक विकसित करने के लिए जाने जाते हैं. उनकी विधि से बीज कपास की पैदावार 300 फीसदी तक बढ़ी है, जिससे हजारों किसानों की आय में 40 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है.

पशुपालन और डेयरी सेक्टर को नई दिशा देने के लिए तेलंगाना के रामा रेड्डी मामिदी को मरणोपरांत पद्म सम्मान

तेलंगाना के मशहूर पशुपालक रामा रेड्डी मामिदी (Shri Rama Reddy Mamidi) मरणोपरांत पद्म श्री सम्मान के लिए चुना गया है. रामा रेड्डी मामिदी को पशुपालन और डेयरी सेक्टर में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है. उनके प्रयासों ने इस क्षेत्र में डेयरी प्रथाओं के विकास और आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

क्यों और कब दिए जाते हैं पद्म पुरस्कार

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक हैं और इन्हें तीन श्रेणियों में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में दिया जाता है. ये पुरस्कार विभिन्न विषयों, गतिविधियों जैसे कला, समाज सेवा, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा, आदि में दिए जाते हैं. ‘पद्म विभूषण’ असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है. ‘पद्म भूषण’ उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और ‘पद्म श्री’ किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है. ये पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा औपचारिक समारोहों में आमतौर पर हर साल मार्च या अप्रैल के आसपास राष्ट्रपति भवन में दिए जाते हैं.

Published: 25 Jan, 2026 | 06:50 PM

Topics: