Petrol-Diesel Price: बहुत हुई महंगाई की मार! क्या अब घटेगा पेट्रोल-डीजल का दाम?

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए एक बड़े फैसले के बाद कच्चे तेल की सप्लाई बढ़ने की संभावना है. विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि हालात सामान्य रहे तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है.

नोएडा | Updated On: 15 Jun, 2026 | 04:15 PM

Petrol-Diesel Price: लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान आम लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. पिछले करीब दो महीनों से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की ऊंची कीमतों ने लोगों का बजट बिगाड़ रखा है. लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए एक बड़े घटनाक्रम के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में कमी देखने को मिल सकती है.

हॉर्मुज जलमार्ग खुलने से बढ़ेगी तेल की सप्लाई

ताजा जानकारी के अनुसार, हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत के बाद हॉर्मुज जलमार्ग को पूरी तरह से खोल दिया गया है. ये दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन  मार्गों में से एक माना जाता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा और तेल का प्रवाह सामान्य रूप से जारी रहेगा. विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ेगी और सप्लाई से जुड़ी चिंताएं कम होंगी. इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों पर पड़ सकता है.

भारत को कैसे मिलेगा फायदा?

भारत अपनी ऊर्जा  जरूरतों का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है. ऐसे में अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता होता है, तो भारत को भी इसका लाभ मिल सकता है. जानकारों के अनुसार, हॉर्मुज जलमार्ग के खुलने से तेल की उपलब्धता बढ़ेगी और आयात लागत में कमी आ सकती है. यदि आने वाले हफ्तों में कच्चे तेल की कीमतें लगातार नीचे रहती हैं, तो सरकार और तेल कंपनियां घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम घटाने पर विचार कर सकती हैं. इससे परिवहन लागत कम होगी और कई अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है.

ईंधन आपूर्ति पर सरकार का बड़ा बयान

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है. रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार भी मौजूद है. उन्होंने बताया कि कुछ पेट्रोल पंपों पर बिक्री में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन इसका कारण किसी तरह की कमी नहीं है. दरअसल, औद्योगिक, संस्थागत और वाणिज्यिक उपभोक्ता थोक आपूर्ति के बजाय रिटेल आउटलेट्स से ईंधन खरीद रहे हैं. मई में करीब 42 करोड़ लीटर डीज़ल की बिक्री बल्क सप्लाई से रिटेल आउटलेट्स की ओर स्थानांतरित हुई.

मई में हुई थी बड़ी बढ़ोतरी, अब क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

मई 2026 में पेट्रोल और डीजल की कीमतों  में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी. पेट्रोल के दाम लगभग 7.50 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम करीब 8.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. यह बढ़ोतरी 11 दिनों के भीतर चार चरणों में हुई थी. इसके बाद से ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक स्तर पर तेल की सप्लाई सामान्य बनी रहती है और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रहती है, तो भारत में भी पेट्रोल-डीजल सस्ता हो सकता है. हालांकि अंतिम फैसला सरकार और तेल कंपनियों की समीक्षा पर निर्भर करेगा. फिलहाल करोड़ों उपभोक्ता इस उम्मीद में हैं कि जल्द ही उन्हें महंगाई से कुछ राहत मिल सकती है और ईंधन की कीमतों में कमी देखने को मिलेगी.

Published: 15 Jun, 2026 | 03:53 PM

Topics: