खेती-किसानी से रेलवे तक, पश्चिम बंगाल को मिलेगी हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल में कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन और रेलवे क्षेत्र की कई बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. विधानसभा चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद पीएम का खास कार्यक्रम.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 18 Jun, 2026 | 03:01 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, स्वास्थ्य और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. केंद्र सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से राज्य में कृषि विकास, रोजगार सृजन, ग्रामीण कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलेगी.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत, विकसित पश्चिम बंगाल’ के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत को कृषि और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार निवेश और विकास परियोजनाओं पर काम कर रही है.

पीएम फसल बीमा और मौसम आधारित फसल बीमा योजना की शुरुआत

कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना की शुरुआत की जाएगी. लगभग 12,200 करोड़ रुपये लागत वाली इन योजनाओं का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 में 1.10 करोड़ किसानों को बीमा सुरक्षा प्रदान करना है. इसके तहत करीब 28,140 करोड़ रुपये मूल्य की फसलें बीमा दायरे में लाई जाएंगी.

डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत शुरू होने वाला एग्रीटेक प्लेटफॉर्म किसानों को कई सरकारी सेवाओं से जोड़ने का काम करेगा. इसके अलावा राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के अंतर्गत राज्य में 17,300 हेक्टेयर क्षेत्र में 346 प्राकृतिक खेती क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे. इससे 43,250 किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक इनपुट और बाजार तक बेहतर पहुंच का लाभ मिलेगा.

धनधान्य कृषि योजना भी शुरू होगी

प्रधानमंत्री धनधान्य कृषि योजना भी शुरू करेंगे, जिसे प्रारंभिक चरण में पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और झाड़ग्राम जिलों में लागू किया जाएगा. योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाने, भंडारण और प्रसंस्करण सुविधाओं को मजबूत करने तथा ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर पैदा करना है.

ग्रामीण विकास क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 213 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 49 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा. 315 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली ये सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी और किसानों के लिए बाजार तक पहुंच आसान बनाएंगी.

आधुनिक मत्स्य बाजार का होगा उद्घाटन

मत्स्य पालन क्षेत्र में दक्षिण 24 परगना के फ्रेजरगंज में आधुनिकीकृत मत्स्य बंदरगाह और बीरभूम में आधुनिक मत्स्य बाजार का उद्घाटन किया जाएगा. सरकार का मानना है कि इससे मछुआरों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मत्स्य निर्यात को बढ़ावा मिलेगा.

नादिया में बकरी सीमन बैंक का उद्घाटन

पशुपालन क्षेत्र में नादिया जिले के हरिणघाटा में स्थापित रीजनल सीमन प्रोडक्शन लैबोरेटरी एवं बकरी सीमन बैंक का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे. इसे पूर्वी भारत की पहली ऐसी सुविधा बताया जा रहा है, जो वैज्ञानिक पशु प्रजनन और पशुधन उत्पादकता बढ़ाने में मदद करेगी.

रेलवे क्षेत्र में लगभग 591 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा. इनमें हावड़ा में 300 बिस्तरों वाले नए रेलवे अस्पताल की आधारशिला, रोड ओवर ब्रिज परियोजना और सांकराइलसांतरागाछी थर्ड लाइन परियोजना शामिल हैं. इन परियोजनाओं से रेलवे नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन और रेलवे क्षेत्र की ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी. साथ ही रोजगार, निवेश और क्षेत्रीय विकास के नए अवसर भी पैदा करेंगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़