भारत अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में 112 से ज्यादा किसान संगठनों के मंच देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर आज देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य राज्यों में भारी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर जिला मुख्यालयों, तहसील परिसरों में धरना दिया है. राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के उत्तर प्रदेश सचिव कैलाश सिंह लांबा ने बताया कि आज बड़ी संख्या में यूपी समेत अन्य हिस्सों में किसान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से पीएम मोदी को दो दिन पहले ही चिट्ठी भेजकर यूएस ट्रेड डील के खिलाफ आंदोलन की जानकारी दी गई है और उनसे बातचीत की अपील भी की गई है.
देशभर के किसान संगठनों के मंच देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर देशभर में किसानों ने अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. 6 सदस्यीय समन्वय समिति के सदस्य और भाकियू चढूनी गुट के अध्यक्ष गुरुनाम सिंह चढूनी ने वीडियो संदेश जारी कर किसानों से कहा है कि आज वे अपने जिला मुख्यालयों में भारी संख्या में जुटें और ट्रेड डील के खिलाफ शांति पूर्वक धरना दें और मार्च निकालें.
ट्रैक्टर मार्च और बाइक रैली निकालकर जिला मुख्यालयों में पहुंचे किसान
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के उत्तर प्रदेश सचिव कैलाश सिंह लांबा ने बताया कि आज किसानों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन पहले से प्रस्तावित था, जिसके तहत उनके नेतृत्व में बिजनौर जिला मुख्यालय में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर जुटे हैं. यहां अमेरिकी ट्रेड डील को वापस लेने की मांग की जाएगी और जिलाधिकारियों को पीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपे जाएंगे. उन्होंने कहा कि वह ट्रैक्टर और बाइक रैली लेकर बिजनौर जिला मुख्यालय के लिए निकले हैं. जिले की सभी तहसीलों में किसान पहुंचे हैं और वहां धरना प्रदर्शन जारी है.

यूपी के बिजनौर जिला मुख्यालय में पहुंचे किसान.
पीएम मोदी और कृषि मंत्री को भेजी चिट्ठी में बातचीत की अपील
देश बचाओ मोर्चा का संचालन और लीडरशिप के लिए 6 सदस्यीय समन्वय समिति बनाई गई है. समन्वय समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री को चिट्ठी भेजी है. इसमें सूचित करते हुए कहा गया है कि भारत अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में 15 जुलाई 2026 को तहसील स्तर पर मोटरसाइकिल मार्च करके जिलाधिकारियों और एसडीएम को ज्ञापन दिए जाएंगे. समन्वय समिति ने सरकार से किसानों के मुद्दों पर वार्ता करने की अपील की है. चिट्ठी में कहा गया है कि प्रस्तावित आंदोलन के बावजूद हम वार्ता से समस्या के समाधान के पक्ष में हैं अगर सरकार देश बचाओ मोर्चा (डीबीएम) से बात करना चाहती है तो हम तैयार हैं.
सरकार नहीं सुनेगी तो आंदोलन ही आखिरी रास्ता
किसान नेता कैलाश सिंह लांबा ने कहा कि आज के शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन, पैदल मार्च, ट्रैक्टर रैली के बाद 21 जुलाई को दिल्ली किसान घाट पर किसान अधिक से अधिक संख्या में पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के संयुक्त मंच देश बचाओ मोर्चा की ओर से सरकार को चिट्ठी भेजी गई है, क्योंकि हम बातचीत से हल निकालने के लिए भी तैयार हैं. लेकिन, सरकार नहीं सुनेगी तो आंदोलन ही आखिरी रास्ता बचता है.
लखीमपुर में किसानों का जिला मुख्यालय पर धरना
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला प्रभारी गुरपेज सिंह सिद्धू ने बताया कि आज 15 .7.2026 जुलाई को प्रधानमंत्री के नाम देशव्यापी ज्ञापन दिए जा रहे हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह के आह्वान पर किसान जिला मुख्यालय पहुंचे हैं और अमेरिकी ट्रेड डील के खिलाफ ज्ञापन दिया गया है. उन्होंने बताया कि बीते दिन राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की टीम ने मोहम्मदी तहसील में उप जिला अधिकारी को ज्ञापन दिया गया है.