21 राज्यों में भारी बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट.. मौसम अपडेट पर बनाएं रखें नजर

IMD ने 17 जून को 21 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई क्षेत्रों में 85 किमी/घंटा तक हवाएं चल सकती हैं, यूपी-बिहार में येलो अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पूर्वी राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. वहीं कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात से भी नुकसान हो सकता है.

Kisan India
नोएडा | Published: 17 Jun, 2026 | 07:10 AM

Rain Alert: देशभर में मॉनसून और प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 जून को देश के 21 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.

IMD ने कहा है कि भारी बारिश के कारण पूर्वी राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. वहीं कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात से भी नुकसान हो सकता है. पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश और तूफान की स्थिति गंभीर हो सकती है. तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और नुकसान की भी आशंका जताई गई है. लोगों को घने जंगल और जोखिम वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है.

तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 17 जून को भी तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है. इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि, तेज हवाओं और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है और सावधानी बरतने को कहा गया है.

हरियाणा- पंजाब में कैसा रहेगा मौसम

इसी तरह पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में मौसम फिलहाल कुछ राहत भरा बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों में आए आंधी और बारिश के कारण इन राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार 17 जून तक यहां तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. वहीं बिहार में कई जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पटना में 17 जून को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में मौसम का दिखेगा रंग

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मथुरा, रायबरेली, एटा, इटावा, ललितपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, वाराणसी, हमीरपुर, कानपुर, बांदा, झांसी और प्रयागराज में येलो अलर्ट जारी  किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम के अनुसार कल प्रदेश में अधिकतम तापमान 34 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसके साथ ही उमस भी बनी रहने की संभावना है.

नैनीताल में तेज हवा चलने की संभावना

उत्तराखंड में मौसम विभाग (IMD) ने भारी बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट  जारी किया है. नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. देहरादून में 17 जून को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़