दिल्ली-यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का बड़ा उलटफेर, IMD ने जारी किया आंधी-बारिश का बड़ा अलर्ट

Weather Update Today: देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर भारत में बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कुछ जगहों पर लू और उमस भी बनी रहेगी.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 13 Jun, 2026 | 07:19 AM

Weather Update: देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर कई राज्यों में साफ दिखाई देगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार के अधिकतर हिस्सों में पहुंच सकता है. वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मौसम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

13 जून को बिहार, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है.

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत को राहत

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाओं की वजह से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के 30 जिलों में आंधी-बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी समेत करीब 40 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र जैसे जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इसके अलावा 14 से 18 जून तक पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है.

पहाड़ों में खतरा, मैदानों में सावधानी जरूरी

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है. पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. वहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के ग्रामीण इलाकों में बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है. इससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.

कुछ इलाकों में लू का असर जारी

जहां एक तरफ बारिश राहत दे रही है, वहीं दूसरी तरफ देश के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का प्रकोप अभी भी बना रहेगा. मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है. कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. धान, मक्का और अरहर की बुवाई से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें. खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था रखें और तेज बारिश या हवा की स्थिति में फसलों की सुरक्षा करें. पशुओं को खुले में बांधने से बचें और वज्रपात के समय खेतों में काम न करें.

14 जून के बाद फिर बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार 13 जून की बारिश के बाद उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ दिनों के लिए राहत मिलेगी, लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं टिकेगी. 14 से 18 जून के बीच तापमान में फिर से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और उमस एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 13 Jun, 2026 | 07:15 AM

लेटेस्ट न्यूज़