कर्नाटक के बेंगलुरू में बारिश और तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई है. सड़कें जलमग्न हो गईं, बिजली के खंभे उखड़ गए और 50 से ज्यादा पेड़ उखड़ गए हैं. इसके अलावा कई हिस्सों में कुछ घरों की दीवारें ढह गई हैं. इससे अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में आज दोपहर 3 बजे के बाद बादल छाने के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मॉनसून की एंट्री से पहले कर्नाटक में अचानक हुई भारी बारिश और आंधी ने सरकारी तैयारियों की पोल खोल दी है. भारी जलभराव और सड़कें धंसने से यातायात समेत आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि भारी बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण 50 से ज्यादा पेड़ उखड़ गए, कई मुख्य सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई.
कई जगह बिजली के खंभे उखड़ गए और जलभराव
अधिकारियों ने कहा कि शहर के बड़े हिस्सों में लगभग एक घंटे तक अचानक और ज़ोरदार बारिश हुई, जिससे पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और निचले इलाकों में पानी भर गया. वहीं कई सड़कें आवागमन के लिए बंद हो गईं, जिससे पीक आवर्स (व्यस्त समय) के दौरान गाड़ियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई.
10 लोगों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती
बेंगलुरू के मल्लेश्वरम, शांतिनगर और शेषाद्रिपुरम समेत कई इलाकों में जलभराव के चलते पेड़ उखड़ने की घटनाएं सामने आईं. ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के अनुसार शहर में करीब 50 जगहों पर पेड़ गिर गए. अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई है. जबकि, कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
नोएडा-गाजियाबाद में तेज बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट (Rain Alert Uttar Pradesh) जारी किया है. ग्रेटर नोएडा-गाजियाबाद में आज दोपहर बाद बादल छाए रहने और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लोगों को भीषण गर्मी के बीच राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 अप्रैल को दोनों शहरों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर नागरिकों को संदेश अलर्ट भेजा है.
IMD का देशभर के लिए मौसम अनुमान
IMD ने देश के बड़े हिस्सों में लगातार बारिश और तूफानी गतिविधियों का अनुमान लगाया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ तूफान, बिजली कड़कना और 30-40 kmph की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.