किसानों के आगे झुकी राज्य सरकार, गेहूं खरीद की अंतिम तारीख बढ़ाने का आदेश जारी

राजस्थान सरकार ने किसानों के भारी प्रदर्शन और रेलवे ट्रैक जाम करने के बाद गेहूं खरीद की अंतिम तारीख बढ़ाने की घोषणा कर दी है. 30 हजार से अधिक किसानों की स्लॉट बुकिंग के बाद भी गेहूं खरीद नहीं होने से नाराज थे, जिन्हें अब बड़ी राहत मिली है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 2 Jun, 2026 | 01:08 PM

गेहूं खरीद की तारीखों को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है. राजस्थान सरकार ने गेहूं खरीद की अंतिम तारीख को बढ़ा दिया है. 30 हजार से अधिक किसानों की स्लॉट बुकिंग के बाद भी खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने बीते दिन हनुमानगढ़ में रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया था. रेल रूट बाधित होने की सूचना से प्रशासनिक अमले के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन किसानों को मनाने की कोशिश की गई. लेकिन, किसान अपनी मांग पर अड़े रहे, जिसके बाद अब राजस्थान सरकार ने गेहूं खरीद की अंतिम तारीख को एक सप्ताह के लिए बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है.

6 जून तक गेहूं खरीद पूरी करने का आदेश

राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद की अंतिम तारीख बढ़ाने का शासनादेश जारी कर दिया है. आदेश में कहा गया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद 6 जून तक जारी रहेगी. सभी खरीद केंद्रों को तय समयसीमा के अंदर सभी किसानों का गेहूं खरीदने का आदेश दिया है.

Wheat Purchase Date Extend Order

गेहूं खरीद तारीख बढ़ाने का आदेश.

बीकानेर-हनुमानगढ़ रेलवे ट्रैक बंद किया

बीते शनिवार को हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा कस्बे में सैकड़ों किसानों ने गेहूं खरीद की समय सीमा बढ़ाने और खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया था. प्रदर्शनकारी करीब एक घंटे तक बीकानेर-हनुमानगढ़ रेलवे ट्रैक पर बैठे रहे, जिससे आवाजाही बाधित हुई. प्रशासनिक अमले के समझाने-बुझाने पर वे ट्रैक खाली करके अपने प्रदर्शन स्थल पर लौट गए. जबकि, उससे पहले किसान एसडीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे.

गेहूं खरीद की समय सीमा 30 जून तक बढ़ाई जाए

किसानों ने कहा कि गेहूं खरीद केंद्रों पर काम में देरी हो रही है. 30 हजार से ज्यादा किसानों का हजारों क्विंटल गेहूं अभी भी खरीद का इंतजार कर रहा है. किसानों को डर है कि अगर खरीद तय समय पर बंद हो गई, तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ेगा. किसानों ने कहा कि गेहूं खरीद की समयसीमा 30 जून तक बढ़ाई जाए और गेहूं खरीद का लक्ष्य भी बढ़ाया जाए. इसके साथ ही मंडियों में पड़े गेहूं की तत्काल उठान हो और खरीद में देरी कर रही लॉजिस्टिक्स (परिवहन/व्यवस्था) संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 2 Jun, 2026 | 12:59 PM

लेटेस्ट न्यूज़