कृषक पुरस्कार के लिए आवेदन 30 जून तक करें किसान, जानिए कितना कैश प्राइज देगी सरकार

मध्य प्रदेश में किसानों के लिए सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस योजना में कृषि, पशुपालन और अन्य कृषि गतिविधियों में अच्छा काम करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा. चयनित किसानों को जिला और विकासखंड स्तर पर नकद पुरस्कार दिया जाएगा और उन्हें नई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा.

नोएडा | Published: 19 May, 2026 | 04:05 PM

Sarvottam Krishak Puraskar 2026: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के किसानों के लिए बड़ी खबर है. कृषि विभाग की आत्मा योजना (ATMA Scheme) के तहत सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह पुरस्कार मूल्यांकन वर्ष 2025-26 के लिए दिया जाएगा. किसान 30 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन विभागीय शर्तों के अनुसार बंद लिफाफे में जमा करना होगा. यह आवेदन कार्यालय समय में स्वीकार किए जाएंगे. इस योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन और कृषि अभियांत्रिकी जैसे क्षेत्रों में बेहतर काम के लिए प्रोत्साहित करना है. कृषि विभाग का कहना है कि जो किसान नई तकनीक अपनाकर बेहतर उत्पादन कर रहे हैं, उन्हें इस योजना में सम्मानित किया जाएगा. इससे अन्य किसानों को भी प्रेरणा मिलेगी.

जिला और विकासखंड स्तर पर मिलेगा पुरस्कार

इस योजना के तहत किसानों को दो स्तर पर पुरस्कार दिया जाएगा. जिला स्तर पर हर गतिविधि में 2-2 किसानों का चयन किया जाएगा. कुल मिलाकर 10 किसानों को जिला स्तर पर पुरस्कार मिलेगा. जिला स्तर के चयनित किसानों को 25,000 रुपये की राशि दी जाएगी. वहीं विकासखंड स्तर पर हर गतिविधि में 1-1 किसान को चुना जाएगा. उन्हें 10,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. कृषि विभाग का मानना है कि इससे किसानों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी. किसान बेहतर तकनीक और आधुनिक खेती की ओर आकर्षित होंगे. इससे कृषि उत्पादन बढ़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है.

कहां और कैसे करें आवेदन

किसान इस पुरस्कार के लिए अपने नजदीकी कृषि कार्यालय  में आवेदन कर सकते हैं. आवेदन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीटीएम आत्मा और जिला परियोजना कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं. इसके अलावा उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन और कृषि अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालयों में भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. किसानों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन भरते समय सभी जरूरी जानकारी सही-सही भरें और दस्तावेज साथ लगाएं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह विभागीय नियमों के अनुसार की जाएगी. गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द भी किया जा सकता है.

किसानों को मिलेगा नई तकनीक अपनाने का मौका

इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक  अपनाने के लिए प्रेरित करना है. चयन प्रक्रिया में कृषि तकनीक और उत्पादकता को आधार बनाया जाएगा. किसान अगर नई तकनीक, जैविक खेती या आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं तो उन्हें इस पुरस्कार में प्राथमिकता दी जाएगी. कृषि विभाग का कहना है कि इस योजना से किसानों में नवाचार बढ़ेगा और वे अपनी आय बढ़ाने में सक्षम होंगे. किसानों को अपने क्षेत्र के विकासखंड स्तरीय अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, बीटीएम और एटीएम आत्मा से पूरी जानकारी मिल सकती है. सरकार का मानना है कि इस तरह की योजनाएं किसानों को प्रोत्साहित करती हैं और खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने में मदद करती हैं.

Topics: