रायसेन जिले के बाड़ी में आयोजित जनकल्याण शिविर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण विकास, शिक्षा, आवास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुधारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े केंद्रीय मंत्री ने भोजपुर क्षेत्र के लिए 31 नई सड़कों की स्वीकृति देने के साथ युवाओं और महिलाओं के लिए नई पहल की घोषणा की. प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किश्त जारी की.
भोजपुर क्षेत्र को 31 नई सड़कों की सौगात
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भोजपुर क्षेत्र की 31 नई सड़कों को मंजूरी देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं और बेहतर कनेक्टिविटी से गांवों की तस्वीर बदलती है.
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच बेहतर होगी. किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी.
रायसेन में शुरू होगी ‘मामा कोचिंग क्लास‘
युवाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विदिशा में शुरू की गई ‘मामा कोचिंग क्लास‘ की तर्ज पर रायसेन में भी यह पहल शुरू की जाएगी.
उन्होंने बताया कि आगे चलकर यहां कैरियर काउंसलिंग सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन मिलेगा.
उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तैयार किए जाएंगे ताकि युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें.
हर पात्र परिवार को मिलेगा पक्का मकान
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन जिले में बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है और पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है.
उन्होंने कहा कि हाल ही में चिन्हित कच्चे मकानों का सत्यापन कर प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.
ग्राम विकास की नई योजना पर जोर
उन्होंने बताया कि विकसित भारत जी–राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायतों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य तय करने का अवसर मिलेगा. सड़क, नाली, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आने वाले वर्षों में ग्रामीण विकास के लिए बड़े पैमाने पर निवेश का रोडमैप तैयार किया गया है और ग्राम सभाओं की भूमिका इसमें महत्वपूर्ण होगी.
महिलाओं को बनाएंगे ‘लखपति दीदी‘
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हर बहन को ‘लखपति दीदी‘ बनाने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण, बैंक ऋण, विपणन सहायता और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने लाडली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है.
नशामुक्त समाज और सामाजिक सुधार का आह्वान
अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान ने नशामुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा.
उन्होंने गांव स्तर पर समितियां बनाकर जागरूकता अभियान चलाने और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया. साथ ही युवाओं, किसानों और महिलाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने का आह्वान किया.
हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनकल्याण शिविर केवल औपचारिक आयोजन नहीं हैं. इनमें प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन पर कार्रवाई कर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है और इसी भावना के साथ केंद्र एवं राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं.