केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना दौरे के दौरान किसानों से सीधे संवाद किया और मिट्टी की सेहत बचाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि अगर मिट्टी स्वस्थ रहेगी तो फसल उत्पादन बढ़ेगा, खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय भी बढ़ेगी.
नौबतपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान‘ कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से कहा कि वे नियमित रूप से अपनी मिट्टी की जांच कराएं और रिपोर्ट के अनुसार ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें. उन्होंने कहा कि जरूरत से ज्यादा रासायनिक उर्वरकों का उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता को नुकसान पहुंचाता है. इसलिए संतुलित और वैज्ञानिक खेती अपनाना जरूरी है.
केंद्रीय मंत्री ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पीएम–किसान जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.
- भारत के आम का निर्यात 45 देशों तक पहुंचा, US में इस सीजन 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना
- ऑस्ट्रेलिया की डॉरपर-टेक्सेल से सुधरेगी देसी भेड़ों की नस्ल, कश्मीर पहुंचीं 900 भेड़ें.. बढ़ेगी किसानों की कमाई
- Fertilizer Consumption: हरियाणा में बढ़ा यूरिया और DAP का इस्तेमाल, 4 लाख टन के पार पहुंचा आंकड़ा
बिहार के मुख्यमंत्री से भी की मुलाकात
पटना दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की. दोनों नेताओं ने कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाने और गांवों में विकास कार्यों को मजबूत करने पर चर्चा हुई.
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पटना की कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और पीएमसीएच के नए भवन का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है. विद्यापति भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन‘ में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब किसान समृद्ध होंगे और गांव मजबूत बनेंगे.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना, गांवों को सशक्त बनाना और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाना है. इसी दिशा में कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है.
स्वच्छता अभियान में भी लिया हिस्सा
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने गोलघर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना जरूरी है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी होनी चाहिए. कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
शिवराज सिंह चौहान ने एमएलए फ्लैट परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और कृषि एक–दूसरे से जुड़े हुए हैं. अधिक से अधिक पेड़ लगाने से आने वाली पीढ़ियों को बेहतर वातावरण मिलेगा.