दिल्ली-NCR में 41 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान, भीषण गर्मी का अलर्ट.. 11 राज्यों में मौसम का तांडव

15 अप्रैल के आसपास हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बनने की संभावना है, जिसका असर 16 अप्रैल से दिल्ली-एनसीआर  के कुछ हिस्सों में हल्के बादलों के रूप में दिख सकता है. हालांकि, इससे तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी. 17 और 18 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है.

वेंकटेश कुमार
नोएडा | Updated On: 13 Apr, 2026 | 07:49 AM

Weather Updates: इस हफ्ते से देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश इस समय दो अलग-अलग मौसम स्थितियों का सामना कर रहा है. एक तरफ उत्तर और उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में आंधी और तेज बारिश हो रही है, जबकि दूसरी ओर मध्य और पश्चिमी भारत में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ता जा रहा है. 13 और 14 अप्रैल 2026 के पूर्वानुमान के अनुसार, देश के करीब 11 राज्य इस बदलते मौसम की चपेट में हैं. उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम बदला हुआ है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुलवामा और अनंतनाग जैसे इलाकों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे वहां तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. वहीं, आने वाले दिनों में दिल्ली में लू चलेगी. तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है.

मैदानी इलाकों में पंजाब और हरियाणा में हल्की राहत मिल सकती है. अमृतसर, लुधियाना, अंबाला और पंचकुला जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. वहीं दिल्ली और एनसीआर में सुबह के समय तेज हवाएं चलेंगी, लेकिन दोपहर तक तेज धूप और गर्मी  बढ़ जाएगी और तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि सुबह और शाम के वक्त अभी भी थोड़ी राहत मिल जाती है, लेकिन दोपहर की गर्मी लोगों के लिए असहज होती जा रही है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले हफ्ते में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है, जिससे साफ है कि अब तेज गर्मी का दौर शुरू होने वाला है.

किसानों के लिए खास सलाह

मौसम विशेषज्ञ एसएन पांडेय के अनुसार, आने वाले दिनों में पूरे देश का मौसम तेजी से बदलने वाला है. फिलहाल ऐसा कोई बड़ा सिस्टम नहीं है जो भारी बारिश या ओलावृष्टि कराए, इसलिए अब लोगों को बढ़ती गर्मी के लिए तैयार रहना चाहिए. उन्होंने बताया कि अभी पहाड़ों से ठंडी हवाएं  आ रही हैं, लेकिन जल्द ही उनकी जगह राजस्थान के थार मरुस्थल और पाकिस्तान की तरफ से आने वाली गर्म हवाएं लेंगी, जिससे तापमान तेजी से बढ़ेगा और हीटवेव का खतरा भी बढ़ सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में लू चलने की स्थिति बन सकती है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयार गेहूं की फसल को जल्द काटकर उसकी थ्रेशिंग कर लें और अनाज को सुरक्षित जगह पर रखें.

आज दिल्ल में ऐसा रहेगा मौसम

13 अप्रैल को दिल्ली में पूरे दिन आसमान साफ रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. दिल्ली के ज्यादातर इलाकों- जैसे उत्तर, पश्चिम और दक्षिण-पूर्व जिलों में 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और दिन में झोंकों की गति 30 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

14 और 15 अप्रैल को दिल्ली में हीटवेव जैसे हालात

नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद जैसे आसपास के शहरों में भी मौसम सूखा रहेगा और गर्मी लगातार बढ़ती जाएगी. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 14 और 15 अप्रैल को दिल्ली में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत कम मिलेगी.

अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक

15 अप्रैल के आसपास हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बनने की संभावना है, जिसका असर 16 अप्रैल से दिल्ली-एनसीआर  के कुछ हिस्सों में हल्के बादलों के रूप में दिख सकता है. हालांकि, इससे तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी. 17 और 18 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. गर्मी बढ़ने और तेज धूप के कारण लोगों को सलाह दी जाती है कि वे पर्याप्त पानी पीते रहें, दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और खुद को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं, क्योंकि इलाके में तेज गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 13 Apr, 2026 | 07:47 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

दूध उत्पादन में कौन सा राज्य सबसे आगे है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
जायद सीजन.
विजेताओं के नाम
रजनीश जाट, नासिराबाद, अजमेर राजस्थान.

लेटेस्ट न्यूज़