Tip Of The Day: खेतों में आग लगने की सबसे बड़ी वजह क्या है? किसानों को ये लापरवाही पड़ सकती है भारी
Farm Fire Alert: गर्मी के मौसम में किसानों के सामने खेतों में आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है. यह आग कुछ ही मिनटों में किसानों की महीनों की मेहनत और पूरी फसल को नुकसान पहुंचा सकती है. अक्सर खेतों में आग प्राकृतिक कारणों से नहीं, बल्कि छोटी-छोटी लापरवाहियों की वजह से लगती है. इसलिए किसानों के लिए यह जानना जरूरी है कि खेतों में आग किन कारणों से लगती है और इससे बचने के लिए कौन-कौन से आसान सावधानी भरे कदम उठाए जा सकते हैं.

गेहूं और अन्य फसलों की कटाई के बाद खेत में बची नरवाई को जलाना किसानों की सबसे बड़ी गलतियों में से एक है. खेत साफ करने का यह आसान तरीका कई बार भारी नुकसान का कारण बन जाता है. तेज हवा चलने पर आग पास के खेतों तक पहुंच जाती है और कुछ ही मिनटों में बड़ी मात्रा में फसल जलकर राख हो सकती है.

खेतों के ऊपर से गुजरने वाले पुराने या ढीले बिजली के तारों से निकलने वाली चिंगारियां गर्मी के मौसम में आग लगने का बड़ा कारण बनती हैं. सूखी फसल और नरवाई ऐसी चिंगारियों को तुरंत पकड़ लेती है. इसलिए किसानों को ऐसे तार दिखने पर तुरंत बिजली विभाग को सूचना देनी चाहिए.

कंबाइन हार्वेस्टर, ट्रैक्टर और अन्य कृषि मशीनों के साइलेंसर से निकलने वाली गर्म चिंगारियां या धुआं आग का कारण बन सकते हैं. कटाई के दौरान मशीनों का उपयोग करते समय स्पार्क अरेस्टर लगाना और पानी की टंकी साथ रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.

कई बार लोग खेतों में काम करते समय बीड़ी या सिगरेट पीते हैं और उसका जला हुआ टुकड़ा वहीं फेंक देते हैं. गर्मी और सूखी फसल के बीच यह छोटी सी लापरवाही बड़ी आग में बदल सकती है. किसानों और मजदूरों को खेतों के आसपास धूम्रपान से पूरी तरह बचना चाहिए.

खेत के चारों ओर खाली पट्टी या जुताई की हुई फायर लाइन बनाना आग से बचाव का प्रभावी तरीका है. अगर कहीं आग लग भी जाए तो यह खाली जगह आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकती है और नुकसान को काफी हद तक कम कर देती है.

अगर खेत में अचानक आग लग जाए तो समय बर्बाद किए बिना फायर ब्रिगेड को सूचना दें. साथ ही ट्रैक्टर, कल्टीवेटर या अन्य कृषि उपकरणों की मदद से आग के आसपास की मिट्टी पलट दें. इससे आग को आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिलेगा और बड़े नुकसान से बचाव हो सकेगा.