डेयरी किसानों की ब्लैक गोल्ड! सबसे ज्यादा दूध देने वाली इस भैंस से हर महीने कितनी मोटी कमाई होती है? जानें
Murrah Buffalo Farming: अगर आप ऐसा बिजनेस ढूंढ रहे हैं जिसमें रोज़ की कमाई भी हो और लंबे समय तक स्थिर मुनाफा भी मिले, तो पशुपालन में मुर्रा भैंस आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है. इसे डेयरी दुनिया का “ब्लैक गोल्ड” इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसका दूध न सिर्फ ज्यादा मात्रा में होता है, बल्कि फैट और गुणवत्ता के मामले में भी सबसे ऊपर माना जाता है. सही देखभाल के साथ यह भैंस हर महीने किसानों को अच्छी-खासी आमदनी देने की क्षमता रखती है.

मुर्रा भैंस अपनी उच्च दूध उत्पादन क्षमता, मजबूत शरीर और लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए जानी जाती है. ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर बड़े डेयरी फार्म तक इसकी मांग हमेशा बनी रहती है, जिससे यह एक लॉन्ग टर्म और प्रॉफिटेबल बिजनेस का मजबूत विकल्प बनती है.

इस भैंस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह अलग-अलग जलवायु और परिस्थितियों में आसानी से एडजस्ट कर जाती है. गर्मी, सर्दी या बदलता मौसम-यह हर स्थिति में खुद को संभाल लेती है, जिससे इसके बीमार होने का खतरा अन्य नस्लों की तुलना में काफी कम रहता है.

मुर्रा भैंस की मांग सिर्फ छोटे किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े डेयरी प्रोजेक्ट्स में भी इसकी भारी जरूरत होती है. इसके दूध की गुणवत्ता और फैट कंटेंट ज्यादा होने के कारण बाजार में इसकी वैल्यू हमेशा बनी रहती है, जिससे इसे खरीदना एक सुरक्षित निवेश माना जाता है.

एक अच्छी मुर्रा भैंस की कीमत लगभग 60,000 रुपये से शुरू होकर 2 लाख रुपये या उससे अधिक तक जा सकती है. इसकी कीमत उसके दूध देने की क्षमता, उम्र, स्वास्थ्य और प्रजनन क्षमता पर निर्भर करती है. बेहतर गुणवत्ता वाली भैंसें ज्यादा महंगी होती हैं, लेकिन उनका रिटर्न भी उतना ही अधिक होता है.

मुर्रा भैंस रोजाना औसतन 12 से 15 लीटर दूध आसानी से दे देती है, जबकि उच्च गुणवत्ता वाली भैंसें 20 लीटर या उससे भी अधिक दूध उत्पादन कर सकती हैं. इसका दूध गाढ़ा और फैट से भरपूर होता है, जिसकी वजह से बाजार में इसकी कीमत भी अच्छी मिलती है.

अगर किसी के पास 1-2 अच्छी मुर्रा भैंसें हैं, तो वह रोजाना 25 से 30 लीटर तक दूध उत्पादन कर सकता है. वर्तमान बाजार दरों के अनुसार इससे हर महीने 45,000 से 60,000 रुपये तक की कुल आय संभव है. खर्च निकालने के बाद भी 25,000 से 35,000 रुपये तक का शुद्ध लाभ आसानी से कमाया जा सकता है.