अटल भूजल योजना की बकाया राशि मांग रहे किसानों की पुलिस से झड़प, बैरीकेडिंग टूटी.. नारेबाजी

Rajasthan Farmers Protest : किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने 'किसान इंडिया' को बताया कि हनुमानगढ़ में किसान लंबे समय से अटल भूजल योजना का बकाया मांग रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है. इसके विरोध में रैली निकाली गई है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 26 Aug, 2026 | 07:15 PM

राजस्थान के हनुमानगढ़ में बुधवार को ट्रैक्टर रैली निकाल रहे किसानों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड तोड़ दिए और उनकी पुलिसकर्मियों के साथ झड़प हो गई. प्रदर्शनकारी  किसान अटल भूजल योजना के तहत खेत में बनाई डिग्गियों (पानी के हौद) के लिए दो साल से बकाया अनुदान राशि में कथित देरी के विरोध में यह रैली निकाल रहे थे. किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने बताया कि हनुमानगढ़ में किसान लंबे समय से अटल भूजल योजना की सब्सिडी बकाया है, जिसकी मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है.

राजस्थान सरकार की अटल भूजल योजना के तहत डिग्गी (पानी के हौद) बनाने के लिए बकाया अनुदान राशि की मांग को लेकर हनुमानगढ़ जिले की धान मंडी से किसानों की ट्रैक्टर रैली निकाली जानी थी.  रैली धान मंडी बाजार से शुरू हुई, लेकिन पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे. पहले तो प्रशासन से बातचीत की गई, लेकिन रैली को आगे बढ़ने से रोक दिया गया.

बेरिकेडिंग हटाने पर पुलिस से झड़प

प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटा दिए जिसके बाद कुछ किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई. इसके बाद ट्रैक्टर रैली जंक्शन और टाउन इलाकों से गुजरी और भारत माता चौक के पास पहुंची. प्रदर्शन के दौरान किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए और बकाया अनुदान राशि की रकम तुरंत जारी करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर निकाय और पंचायत राज चुनाव से पहले यह प्रदर्शन करना उनकी मजबूरी थी और चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

दो साल से बकाया है अटल भूजल योजना की सब्सिडी

हनुमानगढ़ के किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने ‘किसान इंडिया’ को बताया कि किसान की लंबे समय से अटल भूजल योजना की सब्सिडी दो साल से बकाया है, जिसकी मांग कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है. आज किसानों की ट्रैक्टर रैली प्रस्तावित थी, जिसे प्रशासन ने पुलिस के जरिए रोकने की कोशिश की, जिसके बाद हंगामा हुआ. किसानों ने कहा कि जबतक उनकी बकाया राशि नहीं मिल जाती वह लड़ाई जारी रखेंगे.

किसानों ने कर्ज लेकर डिग्गी बनवाई थी, वो कैसे चुकता होगा

किसान नेता रायसाहब पचार और रेशम सिंह मानुका ने मीडिया को बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि किसानों के पास अपने आंदोलन को तेज करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है. प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप था कि उन्होंने ‘अटल भूजल योजना’ के तहत खेत में डिग्गी बनाने के लिए ऋण लिया था लेकिन योजना के तहत वादा की गई सब्सिडी का भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इस कारण उन पर ऋण चुकाने का दबाव है और ब्याज का बोझ बढ़ रहा है.

214 करोड़ रुपये देने से पहले ही योजना बंद कर दी गई

जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित अटल भूजल योजना राजस्थान के 17 जिलों के 38 ब्लॉकों में लागू की गई थी, लेकिन योजना निर्धारित अवधि से पहले बंद होने के कारण कृषि विभाग की 138.70 करोड़ रुपए तथा उद्यानिकी विभाग की 76.16 करोड़ रुपए सहित कुल 214.86 करोड़ रुपए की अनुदान राशि लंबित है. इसके कारण हजारों किसान कार्य पूर्ण होने के बावजूद अनुदान मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 26 Aug, 2026 | 06:58 PM

लेटेस्ट न्यूज़