PM Kisan 23rd Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना से जुड़े करोड़ों किसानों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. केंद्र सरकार आज योजना की 23वीं किस्त जारी करने जा रही है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 2,000 रुपये की राशि भेजेंगे. इस किस्त का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था और अब करोड़ों किसानों को आर्थिक राहत मिलने वाली है.
पश्चिम बंगाल से होगा किस्त जारी करने का कार्यक्रम
23वीं किस्त जारी करने का मुख्य कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी कार्यक्रम के दौरान देशभर के लाभार्थी किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे. सरकार का कहना है कि यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था की जरूरत नहीं पड़ेगी. सरकारी कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी की जाएगी.
इसके बाद पात्र किसानों के खातों में 2,000 रुपये की रकम पहुंचनी शुरू हो जाएगी. हालांकि बैंकिंग प्रक्रिया के कारण कुछ किसानों के खाते में राशि पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है.
9.44 करोड़ से अधिक किसानों को मिलेगा फायदा
सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस बार 9.44 करोड़ से ज्यादा पात्र किसानों को योजना का लाभ मिलेगा. किसानों के खातों में राशि भेजने के लिए केंद्र सरकार 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जारी करेगी.
अन्नदाता के सम्मान का महापर्व
—
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि” की 𝟐𝟑वीं किस्त जारी करेंगे।🗓️𝟐𝟎 जून 𝟐𝟎𝟐𝟔, शनिवार
📍तारकेश्वर, हुगली, पश्चिम बंगाल@AgriGoI@pmkisanofficial#PMKisan pic.twitter.com/gAFzzWxPvj— Agriculture Department, MP (@minmpkrishi) June 19, 2026
ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपकी 23वीं किस्त जारी हुई है या नहीं, तो ऑनलाइन स्टेटस आसानी से चेक कर सकते हैं.
- सबसे पहले पीएम किसान पोर्टल पर जाएं.
- Farmer’s Corner में “Know Your Status” विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें.
- इसके बाद भुगतान की स्थिति और किस्तों का पूरा रिकॉर्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा.
नए किसान ऐसे कर सकते हैं आवेदन
जो किसान अभी तक योजना से नहीं जुड़े हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
- पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- “New Farmer Registration” विकल्प चुनें.
- आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें.
- OTP वेरिफिकेशन पूरा करें.
- व्यक्तिगत जानकारी, भूमि और बैंक खाते का विवरण भरें.
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- आवेदन जमा करने के बाद वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने पर योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा.
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक प्रमुख किसान कल्याण योजना है. इसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है.