पेट्रोल-डीजल महंगा होने की टेंशन नहीं, बिजली से चलते हैं ये 5 इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर.. घटा रहे खेती का खर्च
Electric Tractors: पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद खेती की लागत में लगातार इजाफा हो रहा है. इससे किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है. अब किसान कम खर्च और ज्यादा लाभ के लिए इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की ओर बढ़ रहे हैं. यह तकनीक खेती को सस्ता, आसान और पर्यावरण के अनुकूल बना रही है.
Petrol-Diesel Price Hike: भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है. ईंधन महंगा होने के कारण खेती की लागत बढ़ रही है, जिससे किसान अब वैकल्पिक तकनीक की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं. इसी बीच इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर (Electric Tracto) को एक मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद परिवहन, खेती और छोटे व्यवसायों की लागत भी बढ़ गई है. ऐसे में इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर किसानों के लिए राहत का साधन बनकर उभर रहे हैं, क्योंकि ये कम खर्च में ज्यादा काम करने की क्षमता रखते हैं.
ईंधन महंगा होने से खेती की लागत बढ़ी, किसान परेशान
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से आम लोगों और किसानों की चिंता बढ़ गई है. पेट्रोल की कीमत में करीब 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3.11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसका असर सीधे तौर पर किसानों की खेती लागत पर पड़ रहा है. डिजल आधारित ट्रैक्टर चलाने में अब किसानों को ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है. खेत की जुताई, बुवाई और ढुलाई जैसे काम महंगे होते जा रहे हैं. छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह बढ़ती लागत बड़ी चुनौती बन गई है. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत करीब 97.91 रुपये और डीजल 90.78 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है. यह पिछले वर्षों की तुलना में काफी बड़ा बदलाव है, जिसका असर पूरे देश में महसूस किया जा रहा है. किसानों का कहना है कि अगर ईंधन की कीमतें ऐसे ही बढ़ती रहीं, तो खेती से मिलने वाला मुनाफा और कम हो जाएगा.
इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर बने किसानों के लिए नया विकल्प
बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर किसानों के लिए एक नया और किफायती विकल्प बनकर सामने आ रहे हैं. ये ट्रैक्टर बिजली से चलते हैं, जिससे डीजल की तुलना में लागत काफी कम हो जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर के इस्तेमाल से खेती की लागत में लगभग 70 से 75 प्रतिशत तक की बचत हो सकती है. इसके अलावा इनका रखरखाव भी काफी कम होता है. एक बार चार्ज करने के बाद ये ट्रैक्टर कई घंटों तक काम कर सकते हैं. इससे किसानों का समय भी बचता है और मेहनत भी कम होती है. कई कंपनियां अब भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर लॉन्च कर रही हैं, जिससे किसानों के पास विकल्प बढ़ते जा रहे हैं.
- PM Kisan Yojana के लाभार्थियों को एडवांस में मिलेंगे 2000 रुपये, जानिए किस्त जारी करने के लिए मंत्रालय ने क्या कहा
- हल्दी, करौंदा की खेती पर सरकार दे रही 10 हजार रुपये, स्प्रिंकलर लगवाने पर 90 फीसदी सब्सिडी पाएं किसान
- यमुना और हिंडन की बाढ़ में अभी भी डूबे दर्जनों गांव, गन्ना में बीमारी लग रही.. गेहूं बुवाई में देरी की चिंता
भारत के टॉप इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर और उनकी खासियत
भारतीय बाजार में कई इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर उपलब्ध हैं, जो अलग-अलग क्षमता और फीचर्स के साथ आते हैं. इनमें कुछ प्रमुख मॉडल किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं.
सोनालिका टाइगर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर
Sonalika का यह ट्रैक्टर 11 एचपी क्षमता के साथ आता है. इसमें फास्ट चार्जिंग सुविधा है और यह लगभग 4 घंटे में चार्ज हो जाता है. इसकी बैटरी क्षमता 25.5 किलोवाट है. यह ट्रैक्टर कम समय में खेतों में काम पूरा करने के लिए जाना जाता है.
ऑटोनेक्सट X45H2 ट्रैक्टर
यह 45 एचपी का इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर है जिसमें 32 किलोवॉट बैटरी दी गई है. इसकी लोड उठाने की क्षमता लगभग 1800 किलोग्राम है. यह ट्रैक्टर आधुनिक तकनीक और स्मार्ट स्टीयरिंग सिस्टम के साथ आता है.
HAV 45 S1 ट्रैक्टर
यह ट्रैक्टर 44 एचपी का है और भारी कामों के लिए उपयुक्त माना जाता है. इसकी पीटीओ पावर लगभग 40 एचपी है. यह मजबूत डिजाइन और लंबे समय तक चलने वाले टायरों के लिए जाना जाता है.
HAV 55 S1 Plus ट्रैक्टर
यह 51 एचपी का शक्तिशाली ट्रैक्टर है जिसमें वाटर कूलिंग सिस्टम दिया गया है. इसकी लोड उठाने की क्षमता लगभग 2400 किलोग्राम तक है. यह बड़े खेतों के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है.
Celestial 55 HP ट्रैक्टर
यह ट्रैक्टर 55 एचपी श्रेणी में आता है और इसकी लोड क्षमता लगभग 4000 किलोग्राम है. इसकी स्पीड और ग्राउंड क्लीयरेंस इसे अलग बनाते हैं.
किसानों की आय बढ़ाने में मददगार बन रहे इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर
ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण किसानों की आमदनी पर दबाव बढ़ रहा है. ऐसे में इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर उनकी लागत कम करके मुनाफा बढ़ाने में मदद कर सकते हैं. इन ट्रैक्टरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें डीजल का खर्च नहीं होता, जिससे हर सीजन में हजारों रुपये की बचत संभव है. साथ ही यह पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प हैं क्योंकि इनमें प्रदूषण नहीं होता. ग्रामीण क्षेत्रों में धीरे-धीरे इन ट्रैक्टरों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है. कई किसान अब परंपरागत डीजल ट्रैक्टर से इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की ओर शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे हैं. सरकार और कंपनियों से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर पर सब्सिडी और आसान फाइनेंस सुविधा दी जाएगी, जिससे अधिक किसान इसे अपना सकें.