भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, 17 राज्यों में तेज आंधी के साथ होगी भारी बारिश.. अलर्ट जारी

आईएमडी के अनुसार 27 से 29 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश के शिवपुरी, सागर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, नरसिंहपुर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने का भी अलर्ट दिया है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है.

वेंकटेश कुमार
नोएडा | Published: 27 Apr, 2026 | 07:36 AM

Weather Update: जल्द ही उत्तर भारत के  लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत 17 राज्यों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है. अगले 36 घंटों में प्री-मॉनसून गतिविधियों के चलते तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है, जिसमें हवा की रफ्तार 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. इसके साथ भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. यह बदलाव जहां भीषण गर्मी से राहत देगा, वहीं तेज हवाएं और खराब मौसम नुकसान भी पहुंचा सकते हैं, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

आईएमडी के मुताबिक, 27 अप्रैल से 1 मई तक मौसम का यह सिस्टम सक्रिय रहेगा. इस दौरान दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब  समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे, तेज हवाएं चलेंगी और फिर धूल भरी आंधी व भारी बारिश देखने को मिल सकती है. इसका असर उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत तक रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी, हालांकि गर्मी से राहत तुरंत नहीं मिलेगी.

इन राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी

वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ ताजा बर्फबारी  भी हो सकती है, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है. 28 से 30 अप्रैल के बीच हिमाचल के शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा जैसे जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है.

मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार 27 से 29 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश के शिवपुरी, सागर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, नरसिंहपुर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने का भी अलर्ट दिया है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है. वहीं दिल्ली-एनसीआर में, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, इस मौसम बदलाव से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. 26 अप्रैल से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, साथ ही बादल छाए रहेंगे, मध्यम हवाएं चलेंगी और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है.

उत्तर प्रदेश में 1 मई तक हो सकती है बारिश

आईएमडी के मुताबिक 27 अप्रैल से 1 मई के बीच उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 70 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और धूल भरी आंधी आने की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट देखी जा सकती है. वहीं बिहार में 26 से 28 अप्रैल के बीच आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान है, जहां कई इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.

देहरादून में गर्मी का टूटा रिकॉर्ड

बता दें कि उत्तर भारत के राज्यों में लोग भीषण गर्मी और लू से लोग काफी परेशान हैं. राजस्थान में इस समय भीषण गर्मी और हीट वेव जैसे हालात बने हुए हैं, जहां पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में तेज तपिश महसूस की जा रही है. वहीं उत्तराखंड में अप्रैल की गर्मी ने पिछले 17 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. देहरादून में तापमान 39.2 डिग्री तक पहुंच गया है और मैदानी इलाकों में हीट वेव का खतरा बढ़ गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

केंद्र सरकार ने गेहूं का एमएसपी कितने रुपये तय किया है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
पुंगनूर नस्ल
विजेताओं के नाम
सुभाष चंद्र गुप्ता- किसनपुर, अमेठी, उत्तर प्रदेश

लेटेस्ट न्यूज़