Indian Railways advisory: अगर आप ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बताया गया है कि 26 और 27 मार्च की रात कुछ घंटों के लिए रेलवे का रिजर्वेशन सिस्टम अस्थायी रूप से बंद रहेगा. इसका सीधा असर टिकट बुकिंग, कैंसिलेशन और PNR चेक जैसी जरूरी सेवाओं पर पड़ेगा. ऐसे में यात्रियों को पहले से सतर्क रहने और अपनी तैयारी समय रहते पूरी करने की सलाह दी गई है.
क्यों बंद रहेगा रेलवे सिस्टम
रेलवे की ओर से बताया गया है कि यह बंदी किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए की जा रही है. दरअसल, रेलवे अपने PRS यानी Passenger Reservation System में जरूरी मेंटेनेंस और अपडेट का काम करेगा.
इस दौरान PNR फाइल्स को व्यवस्थित करने और सिस्टम की क्षमता बढ़ाने का काम होगा, जिससे भविष्य में यात्रियों को तेज और बेहतर सेवाएं मिल सकें. PRS सिस्टम रेलवे की बुकिंग का सबसे अहम हिस्सा होता है, जो देशभर में आरक्षित टिकटों को संभालता है.
कब तक बंद रहेंगी सेवाएं
रेलवे के अनुसार, यह काम 26 मार्च की रात 11:45 बजे से शुरू होगा और 27 मार्च की सुबह 4:45 बजे तक चलेगा. यानि लगभग 5 घंटे तक कई सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी. इस दौरान दिल्ली से जुड़े PRS सिस्टम पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा.
कौन-कौन सी सेवाएं रहेंगी प्रभावित
इस दौरान यात्रियों को कई जरूरी सेवाओं में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है.
- ऑनलाइन और काउंटर से टिकट बुकिंग नहीं हो पाएगी
- टिकट कैंसिल करने की सुविधा बंद रहेगी
- PNR स्टेटस चेक नहीं किया जा सकेगा
- करंट टिकट की जानकारी नहीं मिलेगी
- ट्रेनों का चार्ट तैयार नहीं होगा
- EDR और अन्य रिपोर्टिंग सेवाएं बंद रहेंगी
- दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों की बुकिंग और पूछताछ प्रभावित होगी
हालांकि, यह बंदी मुख्य रूप से दिल्ली PRS सिस्टम पर केंद्रित है, इसलिए अन्य क्षेत्रों में कुछ सेवाएं सामान्य रह सकती हैं. लेकिन दिल्ली से संबंधित ट्रेनों में परेशानी आ सकती है.
यात्रियों को क्या सावधानी रखनी चाहिए
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस समय के दौरान किसी भी जरूरी काम को टालने के बजाय पहले ही पूरा कर लें. अगर आपको टिकट बुक करना है, कैंसिल करना है या PNR चेक करना है, तो इसे 26 मार्च रात 11:45 बजे से पहले ही कर लें. जो यात्री रात में यात्रा करने वाले हैं, उन्हें भी पहले से अपनी योजना तैयार रखनी चाहिए, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
रेलवे का कहना है कि यह छोटा सा अस्थायी असुविधा भविष्य में यात्रियों के लिए बड़ा फायदा लेकर आएगी. सिस्टम अपग्रेड होने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड बढ़ेगी और सर्वर की क्षमता भी मजबूत होगी. इससे लंबी कतारों और तकनीकी दिक्कतों में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा.