मॉनसून की एंट्री पर IMD का अपडेट.. केरल में जोरदार बारिश की चेतावनी, कृषि मंत्रालय अलर्ट

केंद्रीय कृषि मंत्री ने दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की प्रगति की समीक्षा के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर किसानों को कृषि सलाह दें और खरीफ फसलों पर अल नीनो के संभावित असर से निपटने के लिए राज्यों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 3 Jun, 2026 | 05:19 PM

भयंकर गर्मी और तेज गर्म हवाओं से परेशान लोगों को राहत मिलने वाली है. मॉनसून की एंट्री को लेकर आईएमडी ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 4 जून को दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल में एंट्री करेगा. इस दौरान झमाझम बारिश और 50 से 80 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. मॉनसून केरल, लक्ष्यद्वीप से होकर तमिलनाडु और फिर बाद में देश के बाकी हिस्सों में पहुंचेगा. हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस बार जून से सितंबर के दौरान औसत से कम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है. वहीं, कृषि मंत्री ने मॉनसून समीक्षा में अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे समय पर किसानों को कृषि सलाह दें. इसके साथ ही कृषि मंत्रालय को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है.

4 जून को प्रवेश करेगा मॉनसून – IMD

भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन में मॉनसून अपडेट पर कहा गया है कि लगभग 4 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ और हिस्सों में पहुंचने की प्रबल संभावना है. इसके चलते लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मॉनसून प्रवेश करेगा. जबकि, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं.

मॉनसून पर बदला आईएमडी का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सप्ताह भर में दो बार मॉनसून प्रवेश को लेकर अपना अनुमान बदला है. इससे पहले चार दिन बाद मॉनसूनी बारिश के लिए मुफीद समय बताया था. तब कहा गया था कि तय समय से 4 दिन पहले मॉनसून की एंट्री होगी. हालांकि, अब 4 दिन देरी से मॉनसून की एंट्री का अनुमान जताया गया है. बता दें कि हर साल 1 जून तक दक्षिण पश्चिम मॉनसून की एंट्री हो जाती है.

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मॉनसून अनुकूल स्थितियां

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि केरलम और तमिलनाडु में मॉनसून के पहुंचने के लिए वातावरण की परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी तथा लक्षद्वीप और कन्याकुमारी क्षेत्र के और इलाकों में मॉनसून आगे बढ़ रहा है.

केरल के तटीय इलाकों से मछुआरों को दूर रहने की चेतावनी

मौसम विभाग ने केरलम में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है और आज के लिए आठ जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया है. मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को केरलम और लक्षद्वीप तट पर तीन जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. वहीं, तटीय इलाकों में तेज तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.

कृषि मंत्री ने मॉनसून समीक्षा में अधिकारियों से समय पर कृषि सलाह देने को कहा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते दिनों दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर कृषि सलाह दें और खरीफ फसलों पर अल नीनो के संभावित असर से निपटने के लिए राज्यों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें. चौहान ने कहा कि सरकार अलर्ट मोड पर है, और अधिकारियों से मॉनसून की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्यों के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करें और तुरंत कार्रवाई करें.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 3 Jun, 2026 | 05:16 PM

लेटेस्ट न्यूज़