चना कीमतों में 9 फीसदी उछाल, मॉनसून-त्योहारी मौसम में खपत बढ़ने पर दाम और चढ़ेंगे

Chana prices hike: IPGA सेक्रेटरी सतीश उपाध्याय ने बयान में कहा कि अगर चने का उत्पादन ज्यादा होता है तो हमें बाजार आवक में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती थी. लेकिन, इस बार कुल चना उत्पादन का 16 फीसदी से ज्यादा सरकारी खरीद हुई है. ऐसे में बाजार में चने का स्टॉक कम हुआ है, जिसके चलते कीमतों पर दबाव बढ़ा है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 3 Jun, 2026 | 06:11 PM

Chana Dal Price: चना दाल की कीमतों में पिछले महीने से अब तक 9 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है. अब चना दाल न्यूनतम समर्थन मूल्य को भी पार कर गई है. इंडस्ट्री एक्सपर्ट का मानना है कि मॉनसूनी बारिश और त्योहारी मौसम में चना दाल, बेसन और इसके उत्पादों की खपत बढ़ने पर कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है.

एक महीने में 9 फीसदी महंगा हुआ चना

रिकॉर्ड घरेलू पैदावार के चलते तीन सालों में दालों के सबसे बड़े बफर स्टॉक बना है. इसके बावजूद पिछले महीने से अब तक चने की कीमतों में 9 फीसदी से ज्यादा और सालाना आधार पर 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से बस थोड़ी ही ज्यादा है. वहीं, साप्ताहिक आधार पर 2.5 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है.

पीली के कम आयात और आगामी खपत बढ़ने से कीमतों पर दबाव

उद्योग विशेषज्ञ मानते हैं कि चने की कीमतों में हालिया तेजी की वजह सरकार की जोरदार खरीद और चने के साथ पीली मटर के कम आयात को बताते हैं. व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले मॉनसून और त्योहारों के मौसम में चने और बेसन की खपत बढ़ने के कारण कीमतें मजबूत बनी रहेंगी.

सरकारी स्टॉक में पहुंचा 21 लाख टन

इंडियन पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (IPGA) के अध्यक्ष बिमल कोठारी ने जारी बयान में कहा कि ज्यादातर दालों की कीमतें स्थिर हैं या MSP से नीचे हैं. हालांकि, हाल के हफ्तों में बड़े पैमाने पर सरकारी खरीद के कारण चने की कीमतों में तेजी आई है, जिससे बाजार से लगभग 21 लाख टन चना सरकारी स्टॉक में चला गया है.

चने का उत्पादन 12 फीसदी बढ़ा

सरकारी अनुमानों के अनुसार 2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन 376.6 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जो 2024-25 की तुलना में 5.2 फीसदी अधिक है. 2025-26 में दालों का कुल उत्पादन रिकॉर्ड 274.09 लाख टन रहा, जो पिछले साल की तुलना में 6.7 फीसदी अधिक है. वहीं चने का उत्पादन 111 लाख टन से बढ़कर 125.14 लाख टन हो गया, जिसमें 12.6 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी हुई है.

Chickpea prices surge 9% monthly prices

चना की कीमतों में एक माह में 9 फीसदी का उछाल आया है.

कुल उत्पादन का 16 फीसदी सरकारी खरीद

IPGA के सेक्रेटरी सतीश उपाध्याय ने बयान में कहा कि अगर चने का उत्पादन ज्यादा होता है तो हमें बाजार में आवक में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती थी. लेकिन, इस बार कुल चना उत्पादन का 16 फीसदी से ज्यादा सरकारी खरीद की गई है. ऐसे में बाजार में चने का स्टॉक कम हुआ है, जिसके चलते कीमतों में दबाव बढ़ा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 3 Jun, 2026 | 06:07 PM

लेटेस्ट न्यूज़