Today Weather: देशभर में मौसम एक बार फिर तेजी से करवट ले रहा है. कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान करने वाली है तो कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में लोगों को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे. कहीं धूल भरी आंधी चलेगी, कहीं तेज बारिश होगी और कुछ हिस्सों में गर्मी अचानक बढ़ सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली और एनसीआर के लोगों को पिछले कुछ दिनों से गर्मी से राहत मिली हुई थी, लेकिन अब मौसम फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है. कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है.
8 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है. 9 और 10 मई को गर्मी और बढ़ सकती है. 11 मई तक रात का तापमान भी बढ़कर 27 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं.
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल बदला-बदला नजर आ रहा है. कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं बुंदेलखंड और मध्य यूपी के कई जिलों में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं.
बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, महोबा, कानपुर देहात, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, प्रयागराज, प्रतापगढ़, गाजियाबाद, संभल, फर्रुखाबाद, हाथरस और शाहजहांपुर में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई 2026 के दौरान कुछ स्थानों पर गरज, बिजली तथा 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवा चलने की संभावना है।
केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6-7 दिनों तक कुछ स्थानों पर गरज, बिजली तथा 40-60 किमी प्रति… pic.twitter.com/3NlwLqMxi9
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 7, 2026
बिहार में 15 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
बिहार में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. किशनगंज, सुपौल, अररिया और खगड़िया समेत कई जिलों में अगले 48 घंटे तक बादल छाए रह सकते हैं और रुक-रुककर बारिश हो सकती है. तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है. मौसम साफ होने की उम्मीद 8 मई के बाद जताई गई है.
राजस्थान में धूल भरी आंधी की संभावना
राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने वाली है. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है. उत्तर-पूर्वी राजस्थान में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. जयपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में तेज धूप से बचने की सलाह दी है.
मध्य प्रदेश में बदला मौसम
मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई दे रहा है. कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. भोपाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है. मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. नैनीताल और अल्मोड़ा में भी हल्की बारिश के आसार हैं.
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 10 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके चलते कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 11 और 12 मई को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
हरियाणा में बारिश और तेज हवाओं का असर
हरियाणा में पिछले कई दिनों से आंधी और बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है. 8 मई को अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पलवल में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है.
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के तमिलनाडु में मानसून से पहले बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विभाग ने 12 मई तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. नीलगिरी, इरोड, कोयंबटूर, तिरुपुर और डिंडीगुल समेत कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. मन्नार की खाड़ी के आसपास बने वायुमंडलीय चक्र की वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. तेज आंधी और बिजली गिरने के समय खुले मैदानों में जाने से बचने को कहा गया है. किसानों को भी मौसम को देखते हुए फसलों और पशुओं की सुरक्षा के इंतजाम करने की सलाह दी गई है.
आने वाले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखने की जरूरत है.