IMD Alert: 15 राज्यों में बारिश और तूफान से बिगड़ेगा मौसम, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर भारत के कई राज्यों में इस दौरान मौसम काफी खराब रह सकता है. राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 से 26 मार्च के बीच बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.

नई दिल्ली | Published: 23 Mar, 2026 | 06:59 AM

Today weather: देश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 23 मार्च से 26 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. खासकर पूर्वी और उत्तर भारत के राज्यों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों के लिए भी चिंता बढ़ गई है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम एशिया और उत्तरी क्षेत्रों में सक्रिय सिस्टम के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है. इस तरह के मौसम बदलाव से तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, लेकिन तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान का खतरा भी बढ़ जाता है.

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में अलर्ट

उत्तर भारत के कई राज्यों में इस दौरान मौसम काफी खराब रह सकता है. राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 से 26 मार्च के बीच बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 26 मार्च को बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी है.

दिल्ली में बारिश की संभावना

दिल्ली में 23 मार्च को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तेज हवाएं चलेंगी जिससे मौसम थोड़ा ठंडा महसूस होगा. अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रह सकता है. हालांकि 25 मार्च के बाद तापमान फिर से बढ़कर 35 डिग्री तक पहुंच सकता है.

यूपी में पहले तेज हवाएं, फिर बारिश-आंधी का दौर

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 23 मार्च को बारिश नहीं होगी, लेकिन अगले तीन दिनों तक तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद मौसम अचानक बदल सकता है और 27 मार्च से कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है. कानपुर, लखनऊ, आगरा, बरेली, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ और नोएडा जैसे शहरों में मौसम बिगड़ सकता है. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

राजस्थान में बदलेगा मौसम

राजस्थान में 23 मार्च को कई इलाकों में बारिश और आंधी आ सकती है. जयपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, चुरू और झुंझुनू जैसे जिलों में मौसम अचानक बदलने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. जयपुर में तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, जहां अधिकतम करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. लोगों को तेज हवा और बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

बिहार और पूर्वी भारत में तेज असर

बिहार में 24 से 28 मार्च के बीच बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. पटना समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है. पश्चिम चंपारण, सिवान, गया और भोजपुर जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी 24 मार्च के आसपास हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

उत्तराखंड में तेज बारिश और आंधी का खतरा

उत्तराखंड में 23 मार्च को तेज बारिश और आंधी आने की संभावना है. देहरादून, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में मौसम बिगड़ सकता है, इसलिए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. इसके बाद 27 से 29 मार्च के बीच एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. देहरादून में तापमान भी नीचे रहेगा, जहां अधिकतम करीब 22 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

हिमाचल में 23 से 26 मार्च तक बारिश

हिमाचल प्रदेश में 23 से 26 मार्च के बीच मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान शिमला, चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी, लाहौल और स्पीति जैसे जिलों में तेज बारिश और हवा चलने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में ठंड भी बढ़ेगी. मनाली में तापमान काफी नीचे रह सकता है, जहां दिन का तापमान करीब 1 डिग्री और रात में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

दक्षिण और पश्चिम भारत में भी असर

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. वहीं महाराष्ट्र के मध्य और मराठवाड़ा क्षेत्र में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है.

केरल, गोवा और कोंकण क्षेत्र में इस दौरान गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

किसानों और आम लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को खास तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी है. तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए कटाई या खुले में फसल रखने से बचने को कहा गया है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव कुछ दिनों तक बना रहेगा, जिसके बाद धीरे-धीरे तापमान फिर से बढ़ेगा. हालांकि मार्च के अंत तक इस तरह के उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं.

Topics: