IMD का अलर्ट: यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना, 23 जिलों में विजिबिलिटी होगी कम
Today Weather: मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 फरवरी के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. इसके साथ ही 23 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है, जिससे सुबह के समय आवाजाही प्रभावित हो सकती है.
Today Weather: देश में ठंड अब विदा लेने की तैयारी में है. दिन के समय धूप चुभने लगी है और कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है. लेकिन इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक नया अलर्ट जारी कर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 फरवरी के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. इसके साथ ही 23 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी भी दी गई है, जिससे सुबह के समय आवाजाही प्रभावित हो सकती है. मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से देखा जा रहा है, जिसका असर पहाड़ी और मैदानी दोनों राज्यों पर पड़ेगा.
इन सात राज्यों में बारिश बढ़ा सकती है मुश्किलें
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश की संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 और 17 फरवरी को मध्यम से भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 फरवरी को मौसम बिगड़ने की आशंका है.
पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में 17 और 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. मध्य प्रदेश के सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद में 18 और 19 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में साफ आसमान, पर सुबह रहेगी ठंड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 फरवरी को बारिश की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह हल्का कोहरा छा सकता है. अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. अच्छी हवा चलने से एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार की संभावना जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में कहां होगी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, शामली, मुरादाबाद, अमरोहा और बुलंदशहर में 17 और 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका है. किसानों को खेतों में काम करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार और झारखंड में कोहरे का असर
बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल के मधुबनी, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, अररिया, किशनगंज, कटिहार और भागलपुर में कोहरे का असर रह सकता है. पटना में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
पहाड़ी राज्यों के लिए खास चेतावनी
उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर में 17 और 18 फरवरी को बारिश हो सकती है. देहरादून में तापमान 21/10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू में मौसम बिगड़ सकता है. मनाली में अधिकतम तापमान 0 डिग्री और न्यूनतम माइनस 9 डिग्री तक जा सकता है.
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में 16 और 17 फरवरी को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 9 और न्यूनतम 0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा हाल
राजस्थान में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 18 और 19 फरवरी को कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.
23 जिलों में घने कोहरे का असर
भले ही ठंड का असर कम हो रहा है, लेकिन सुबह के समय कोहरा अभी भी परेशानी बना हुआ है. उत्तर प्रदेश के आगरा, ओरैया, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बलरामपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी, जालौन, कानपुर और लखनऊ में हल्के से घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है.
हरियाणा के गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, हिसार, रोहतक और करनाल में भी सुबह दृश्यता कम रह सकती है. पंजाब के अमृतसर, पटियाला, फिरोजपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा और पठानकोट में भी कोहरा वाहन चालकों के लिए चुनौती बन सकता है. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, ऊना, सिरमौर और किन्नौर में भी कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है.