धूल के गुबार में डूबा एनसीआर, दिल्ली में अलर्ट.. आखिर कहां से आया भयंकर डस्ट स्टॉर्म?

Dust Storm in Delhi NCR: दिल्ली एनसीआर में 23 जून की दोपहर का उजाला अचानक अंधेरे में बदल गया. चारों तरफ उड़ती धूल की मोटी परत और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवाओं ने लोगों को जहां तहां थाम दिया.

रिजवान नूर खान
नई दिल्ली | Updated On: 23 Jun, 2026 | 04:27 PM

दिल्ली एनसीआर में धूल भरे तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है और अंधेरा छा जाने से वाहनों के पहिये थम गए. धूल भरी हवाओं की परत इतनी मोटी थी कि 100 मीटर की दूरी तक की दृश्यता लगभग शून्य पहुंच गई. मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है और गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मास्क लगाने को कहा है. वहीं, अस्थमा और हार्ट के मरीजों के लिए चेतावनी जारी की है.

दिल्ली एनसीआर में 23 जून की दोपहर का उजाला अचानक अंधेरे में बदल गया. चारों तरफ उड़ती धूल की मोटी परत और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवाओं ने लोगों को थाम दिया. दिल्ली-एनसीआर के साथ ही हरियाणा और राजस्थान के एक बड़े हिस्से में मौसम ने अचानक ऐसी करवट ली कि देखते ही देखते गगनचुंबी इमारतें धूल के बवंडर में ओझल हो गईं और आसमान का रंग मटमैला हो गया.

राजस्थान से उठा धूल का बवंडर हरियाणा होकर दिल्ली पहुंचा

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के सीकर से धूल का गुबार उठा जो बाद में झुंझुनू, डीडवाना और अलवर जिलों से होते हुए हरियाणा के भिवानी, झज्जर, रोहतक और सिरसा को अपनी चपेट में लेते हुए दोपहर में दिल्ली-एनसीआर में पहुंच गया है. 80 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही धूल भरी आंधी ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया.

दिल्ली में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार दोपहर धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलीं. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान आंधी आने, बिजली चमकने और बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट में कहा गया है कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली में विभिन्न जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ज्यादातर हिस्सों में बिजली कड़कने और 80-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 23 Jun, 2026 | 04:13 PM