दिल्ली में मंगलवार की सुबह भारी बारिश हुई, जिससे सड़कें पानी से भर गईं, व्यस्त बाजारों में घुटने तक पानी जमा हो गया और ट्रैफिक रेंगता हुआ दिखा. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए बिजली कड़कने और बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. सबसे ज्यादा बारिश भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा में दर्ज की गई, जहां 80 मीमी से ज्यादा बरसात हुई है. वहीं, सुबह बादल छाए रहने से अंधेरा की स्थिति देखी गई और वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और भारी बारिश का अनुमान लगाया है. साथ ही, राजधानी में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज बारिश की चेतावनी भी दी है. सुबह से लगातार हो रही बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए. कनॉट प्लेस, जनपथ, लुटियंस दिल्ली की कई सड़कों, भारत मंडपम रोड, बाराखंबा रोड, ITO के पास मथुरा रोड, कालिंदी कुंज और निचले इलाकों में जलजमाव की खबर है.
चौराहों पर जलभराव से ट्रैफिक थमा
शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की खबरों के बीच, PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने X पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें मिंटो ब्रिज पर ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता दिख रहा है. उन्होंने कहा कि लगातार बारिश हो रही है, लेकिन मिंटो ब्रिज पर जीवन सामान्य गति से चल रहा है. हमारी कोशिश यही है कि मॉनसून सिर्फ एक मौसम बना रहे, मुसीबत न बने. कई चौराहों पर पानी जमा हो गया, जिससे ट्रैफिक धीमा हो गया और वाहन चालकों को पानी से भरी सड़कों पर सावधानी से गाड़ी चलानी पड़ी.
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के सबसे व्यस्त थोक बाजारों में से एक सदर बाजार का एक वीडियो X पर पोस्ट किया. वहां बारिश का पानी कमर तक भर गया था, जिससे स्कूली बच्चों, ऑफिस जाने वालों और खरीदारों को पानी से भरी सड़कों से गुजरना पड़ा. विपक्षी नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि स्कूली बच्चे दिल्ली के सबसे बड़े थोक बाजारों में से एक, सदर बाजार से गुजर रहे हैं, जहां कमर तक बारिश का पानी भरा हुआ है.
वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी
सुबह के ज्यादातर समय आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश होती रही. पैदल चलने वाले लोग छाते और बस शेल्टर के नीचे खड़े दिखे, जबकि खराब विजिबिलिटी के कारण वाहन हेडलाइट जलाकर धीरे-धीरे चल रहे थे. सोशल मीडिया यूज़र्स की पोस्ट के अनुसार, ग्रेटर कैलाश-II से सावित्री सिनेमा होते हुए चिराग दिल्ली, हौज खास और आरके पुरम तक, और संगम विहार से खानपुर तक MB रोड के दोनों तरफ भारी ट्रैफ़िक की सूचना मिली.
#WATCH | Delhi: Heavy rainfall led to waterlogging in several parts; visuals from Hanuman Road area in Connaught Place pic.twitter.com/MSPI9f9Fl7
— ANI (@ANI) July 28, 2026
पानी भरने की वजह से शंकर विहार के पास NH-8, जाकिर हुसैन रोड, दिल्ली कैंट-नरायणा फ्लाईओवर-मायापुरी स्ट्रेच, ITO, ओल्ड रोहतक रोड, मधुबन चौक-नेताजी सुभाष प्लेस स्ट्रेच, पीरागढ़ी, AIIMS के पास NH-48, दिल्ली-नोएडा रोड, कालिंदी कुंज और विकास मार्ग जैसी मुख्य सड़कों पर भी ट्रैफ़िक जाम की सूचना मिली.
पूसा में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई
सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच पूसा में सबसे ज्यादा 80 mm बारिश दर्ज की गई, इसके बाद जनकपुरी में 72 mm, लोदी रोड में 63.4 mm, छतरपुर में 57.5 mm, सफदरजंग में 51 mm, आयानगर में 50.1 mm, नरायणा में 44 mm, रिज में 37.3 mm, मयूर विहार में 33.5 mm और पालम में 26 mm बारिश हुई। जाफरपुर में 8 mm बारिश दर्ज की गई, जबकि नजफगढ़ में इस तीन घंटे की अवधि में कोई बारिश नहीं हुई.
तापमान 2.1 डिग्री नीचे लुढ़का
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम था. पालम में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम था, जबकि लोदी रोड में 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था. रिज स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था, जबकि आयानगर में 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा था.