मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट! रविवार को 19 राज्यों में झमाझम बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी

Weather Update Today: उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में मॉनसून सक्रिय है. दिल्ली-NCR, यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से लैंडस्लाइड और कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है. दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी है.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 23 Aug, 2026 | 07:16 AM

IMD Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार बारिश के कारण कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है.

वहीं, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मॉनसून सक्रिय रहने का अनुमान है. यहां तेज बारिश के कारण भूस्खलन और रास्ते बाधित होने जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं.

दिल्ली-NCR में बारिश से मिली गर्मी से राहत

दिल्ली-NCR में पिछले दिनों हुई बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी है. बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अगस्त को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने की संभावना है. 25 से 27 अगस्त के बीच आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. बारिश और हवा की वजह से दिल्ली की हवा में भी सुधार देखने को मिला है. कई इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर ग्रीन और यलो जोन तक पहुंच गया है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का खतरा

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का असर अभी भी बना हुआ है. असम और आसपास के इलाकों में पहले ही भारी बारिश और बाढ़ से परेशानी सामने आ चुकी है. हालांकि, कुछ जगहों पर हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा.

दक्षिण भारत में भी तेज बारिश का दौर

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले दो दिनों तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज बारिश का अनुमान है. समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

गुजरात में अगले सात दिन बारिश

गुजरात में भी मॉनसून का असर बना हुआ है. मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. अहमदाबाद समेत कई शहरों में भी बारिश हो सकती है. हालांकि, फिलहाल गुजरात के आसपास कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है. इसलिए राज्य में व्यापक स्तर पर बहुत भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है.

तमिलनाडु में आंधी और बिजली का अलर्ट

तमिलनाडु में बारिश के साथ आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और रानीपेट में बारिश की संभावना है. चेन्नई में शाम या रात के समय कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. यहां अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 23 Aug, 2026 | 07:15 AM

लेटेस्ट न्यूज़