पहाड़ से मैदान तक मौसम का कहर, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

Today weather: मौसम विभाग ने 16 मई को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों समेत करीब 15 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 16 May, 2026 | 07:07 AM

Today weather: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है. भीषण गर्मी के बीच अब तेज बारिश, धूलभरी आंधी और तूफान लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं. मौसम विभाग ने 16 मई को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों समेत करीब 15 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार सक्रिय हो रहा है. इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण बनने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. यही वजह है कि कई राज्यों में अचानक बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना बढ़ गई है.

दिल्ली में शाम को बदल सकता है मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिन के समय गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के बाद मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 16 मई की शाम को आसमान में घने बादल छा सकते हैं और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उमस और गर्मी के बीच लोगों को हल्की राहत मिल सकती है.

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश और आंधी का खतरा

उत्तर प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित रहने वाला है. आगरा, मथुरा, कानपुर, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, मऊ, बलिया, कौशांबी, फतेहपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अचानक मौसम बदलने से बिजली गिरने की घटनाओं का भी खतरा रहेगा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है.

बिहार में सबसे ज्यादा असर, तेज तूफान का अलर्ट

बिहार में मौसम का असर काफी गंभीर हो सकता है. गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, पटना, भोजपुर, सारण, शिवहर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और अररिया जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है.

यहां हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने और जरूरत न होने पर बाहर न निकलने की अपील की है. पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

झारखंड में गरज-चमक के साथ तेज बारिश

झारखंड के कई जिलों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है. बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, दुमका, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और रामगढ़ में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है.

उत्तराखंड और हिमाचल में पर्यटकों के लिए चेतावनी

उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भारी बारिश और तेज तूफान की आशंका है. यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

वहीं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चंबा, मंडी, ऊना, बिलासपुर, सोलन और शिमला में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है. मनाली में तापमान काफी नीचे रहने वाला है, जहां अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

पंजाब और राजस्थान में भी मौसम का असर

पंजाब के अमृतसर, मोहाली, बठिंडा, मनसा, कपूरथला, मोगा, बरनाला और लुधियाना में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है. यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान में भी मौसम अचानक बदल सकता है. अलवर, बाड़मेर, धौलपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर और हनुमानगढ़ में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. जयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मध्य प्रदेश में बारिश नहीं, लू बढ़ाएगी परेशानी

जहां कई राज्यों में बारिश और तूफान का खतरा बना हुआ है, वहीं मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी. धार, विदिशा, रायसेन, बालाघाट, गुना, छतरपुर, रीवा, देवास, सिंगरौली और सीधी जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.

इन इलाकों में गर्म हवाएं चलने से तापमान और बढ़ सकता है. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 16 May, 2026 | 06:57 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

मध्य प्रदेश के किस वैरायटी के गेहूं को जीआई टैग मिला है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
धान (चावल)
विजेताओं के नाम
संजीव कुमार, रेवाड़ी, हरियाणा

लेटेस्ट न्यूज़