Weather Updates: बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के अगले तीन से चार दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में आने की उम्मीद है, क्योंकि इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग ने 26 जून के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
IMD ने लोगों को मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार बदलते मौसम के चलते कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में 26 जून को छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के साथ कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 26 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में मौसम अचानक बदल सकता है. यहां कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
- फिर से सक्रिय हुआ मॉनसून, कई राज्यों में भारी से भारी बारिश का अलर्ट.. चलेंगी तेज हवाएं
- हरियाणा में DSR तकनीक को बढ़ावा, किसानों को दी जाएगी ट्रेनिंग.. अब खेती में घटेगी लागत
- गन्ना किसानों को बड़ी सौगात देने की तैयारी, सरकार ने समर्थन मूल्य 400 रुपये क्विंटल से ऊपर ले जाने के दिए संकेत
- दूध और हो सकता है महंगा, अगले दो महीनों में 4 फीसद तक बढ़ेंगी कीमतें.. इस वजह से गहराया संकट
60 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं
पूर्वी राजस्थान में मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. यहां तेज आंधी (थंडरस्क्वॉल) के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी चल सकती है, जिसके झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा मौसम का हाल
IMD के अनुसार 26 जून को विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. विदर्भ में बारिश का दौर 27 जून तक जारी रह सकता है. वहीं, दक्षिण भारत में भी मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने 28 जून से तमिलनाडु के एक दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के अनुसार पश्चिमी हवाओं की मजबूती के कारण राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
महाराष्ट्र में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा
उधर, महाराष्ट्र में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा. IMD ने गुरुवार के लिए राज्य के 31 जिलों में मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है. इनमें 25 जिलों को येलो अलर्ट और 6 जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.