Today’s Weather Update: देश के कई हिस्सों में लोग अभी भी मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ती नजर आ रही है. कहीं तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बादलों और हल्की बारिश से राहत मिल रही है. उत्तर भारत में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून जमकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
उत्तर भारत में गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. कई जगहों पर धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, लेकिन मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय नहीं होने से गर्मी का असर अभी खत्म नहीं होगा.
उत्तर प्रदेश में अभी इंतजार करना होगा
उत्तर प्रदेश में मौसम अलग-अलग जिलों में अलग रंग दिखा रहा है. कुछ इलाकों में तेज गर्मी पड़ रही है तो कुछ जगहों पर बादल राहत दे रहे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि, मॉनसून फिलहाल राज्य के पूर्वी हिस्से में आगे बढ़ने में धीमा पड़ गया है. इसके कारण कई जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है. राज्य के करीब 25 जिलों में लू चलने का खतरा बना हुआ है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है. हालांकि, कुछ जिलों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हुआ है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगले सप्ताह के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में बदलता रहेगा मौसम
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम लगातार करवट ले रहा है. सुबह बादल और दोपहर में तेज धूप का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. अगले कुछ दिनों तक कभी बादल, कभी बारिश और कभी तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. इससे गर्मी का असर कुछ कम होगा, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम सक्रिय बना हुआ है. कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मानसून की एंट्री में देरी हो रही है. इसके बावजूद पश्चिमी विक्षोभ के असर से रुक-रुककर बारिश हो सकती है. कई इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय
दक्षिण भारत में मॉनसून अच्छी तरह सक्रिय है. केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है. समुद्र तटीय इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.
वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी है. असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.
अभी कैसा रहेगा मौसम?
फिलहाल देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग बना हुआ है. जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है, वहीं उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों को अभी मॉनसून की तेज बारिश का इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि, अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.