अगले 5 दिन रहेंगे भारी! कई राज्यों में आंधी-बारिश, तो कहीं झुलसाएगी गर्मी… IMD ने जारी किया अलर्ट

IMD Weather Alert: देश में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, जिससे कई राज्यों में बारिश तेज हो गई हैं. केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार और यूपी के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है.

नोएडा | Published: 7 Jun, 2026 | 07:16 AM

Weather Update Today: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके असर से कई राज्यों में बारिश तेज हो गई हैं. वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का असर अभी भी बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, आंधी-तूफान और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है.

मानसून तेजी से बढ़ रहा आगे

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 6 जून तक गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बड़े हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों तक अपनी पहुंच बना ली है. मिजोरम और मणिपुर के कई इलाकों में भी मानसून सक्रिय हो चुका है. आईएमडी का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है. इसके बाद छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी मानसून की एंट्री होने की संभावना है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में आज यानी 7 जून को मौसम थोड़ा बदला-बदला रह सकता है. दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. साथ ही, 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे गर्मी का असर थोड़ा कम महसूस हो सकता है. हालांकि, फिलहाल दिल्ली वालों को अच्छी बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है.

उत्तर प्रदेश में बारिश और लू दोनों का असर

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा. राज्य के कई इलाकों में कहीं बारिश तो कहीं गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं, 9 से 11 जून के बीच पश्चिमी यूपी और कुछ पूर्वी जिलों में लू चलने का भी अनुमान है. इसके अलावा कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश, आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सावधानी बरतें.

बिहार में बारिश से मिल सकती है राहत

बिहार के कई जिलों में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. बारिश की वजह से कई जिलों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान के 25 जिलों के लिए आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. फिलहाल प्री-मानसून के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है. हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 जून से पश्चिमी राजस्थान में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू हो सकता है.

पहाड़ी राज्यों में पूरे सप्ताह सक्रिय रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है लेकिन लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी. विभाग ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर देख लें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. लगातार बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी इलाको में लैंडस्लाइड जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

केरल और तमिलनाडु में हाई अलर्ट

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है. वहीं तमिलनाडु में 9 जून तक भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है.

कहां चलेगी लू?

मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 11 जून के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में लू चल सकती है. इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है. कुल मिलाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. कहीं मानसून राहत दे रहा है तो कहीं गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. ऐसे में मौसम विभाग की सलाह का पालन करना और ताजा अपडेट पर नजर रखना जरूरी है.

Topics: