दिल्ली से बिहार तक बदलेगा मौसम, तेज हवाओं और बिजली के साथ बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 17 मार्च के बीच हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. इस दौरान मेघ गर्जन, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.

नई दिल्ली | Published: 16 Mar, 2026 | 06:55 AM

Today weather: देश के कई हिस्सों में मार्च के मध्य से ही गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है. कई शहरों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है और कुछ क्षेत्रों में हीटवेव जैसे हालात बनने लगे हैं. हालांकि इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इसके कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 17 मार्च के बीच हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. इस दौरान मेघ गर्जन, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में फिलहाल तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. ऐसे में गर्म हवाओं और लू के शुरुआती संकेत मिलने लगे हैं. हालांकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई है.

पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अनुमान है. नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे जिलों में आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.

हालांकि बुंदेलखंड और मध्य उत्तर प्रदेश में केवल बादलों की आवाजाही रहने की संभावना है और वहां भारी बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है. मौसम में इस बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ी है क्योंकि तेज हवा और ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली. गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत दी. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आने वाले दो दिनों में दिल्ली में तेज हवाओं, बादलों और मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं नोएडा और गुरुग्राम जैसे आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है और AQI मध्यम श्रेणी में रहने की संभावना है.

बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट

बिहार में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 15 से 17 मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश हो सकती है. पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, खगड़िया, बांका, जमुई, मुंगेर, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, नालंदा और गया जैसे जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात का खतरा बताया गया है. इन क्षेत्रों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि सप्ताह के अंत तक तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर बढ़ सकता है.

हरियाणा और पंजाब में मौसम का बदलेगा रुख

हरियाणा और पंजाब में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है और कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक के झोंके महसूस किए जा सकते हैं. लगातार बादल और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी

पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह अलग दिखाई दे रहा है. उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश और बर्फबारी हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे तक यहां तेज हवाएं, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. वहीं जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और बारिश जारी रह सकती है. 16 मार्च के बाद नए विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले पांच दिनों तक बर्फबारी की गतिविधियां तेज होने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में तेज हवाओं और बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है. लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का मौसम

दक्षिण भारत में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तेज हवाएं और बारिश हो सकती है. नीलगिरी और दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वेल्लोर, रामनाथपुरम, थूथुकुडी और मदुरै जैसे क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. पूर्वोत्तर भारत के असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में भी आंधी-तूफान और तेज बारिश का पूर्वानुमान है.

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. हालांकि फिलहाल बादलों और बारिश की वजह से लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

Topics: