फिर सक्रिय हो रहा है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, हिमाचल सहित कई राज्यों में बारिश की संभावना, जानें UP में कैसा रहेगा मौसम
17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 18 फरवरी तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
Weather Update: सर्दी अब धीरे-धीरे कम हो रही है. रविवार को पूरे देश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा. वहीं, पश्चिमी तट के कुछ इलाकों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार 16 फरवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव आएगा. इसके असर से अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को वर्षा और हिमपात की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी को दिल्ली में आसमान साफ रहने की संभावना है.
17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 18 फरवरी तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाने की संभावना है. पहाड़ी जिलों में दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क यात्रा प्रभावित हो सकती है.
अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा
उत्तर प्रदेश में फिलहाल तेज धूप और हल्की गर्मी महसूस की जा रही है, लेकिन मौसम जल्द बदल सकता है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 16 फरवरी से कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. हालांकि तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं है. फिलहाल मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में बादल और बारिश देखने को मिल सकती है. 15 फरवरी को उत्तर प्रदेश का मौसम सामान्य रहेगा. पश्चिमी और पूर्वी दोनों प्रदेशों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप बनी रहेगी. तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, अधिकतम 28-30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. सुबह हल्का कोहरा पड़ सकता है, लेकिन दिन के समय मौसम साफ और गर्म रहेगा.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं
16 फरवरी से मौसम में बदलाव शुरू होगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल जम सकते हैं और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. यह बदलाव एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आएगा. 17 फरवरी को भी स्थिति ऐसी ही रहने की उम्मीद है. कुछ जिलों में बादल और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. पूर्वी यूपी पर शुरू में ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन आने वाले दिनों में पूरे राज्य में मौसम बदल सकता है.
दिन का तापमान सामान्य रूप से गर्म रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी. दिन का तापमान सामान्य रूप से गर्म रहेगा, लेकिन बादल और हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है. लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है. बारिश होने पर सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं. IMD लगातार अपडेट दे रहा है, इसलिए मौसम की जानकारी पर नजर रखना जरूरी है. खास बात यह है कि यह मौसम का खेल फिर से उत्तर प्रदेश में उत्साह ला रहा है.