बिहार के 3.95 लाख किसानों को फसल मुआवजा जारी, सीएम ने खातों में भेजे 200 करोड़ रुपये

बिहार सरकार ने किसानों को फसल नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा राशि जारी कर दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रबी सीजन 2025-26 के लिए 3.96 लाख किसानों के खाते में मुआवजा राशि ट्रांसफर कर दी है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 22 Jun, 2026 | 02:22 PM

फसल नुकसान की भरपाई का वादा पूरा करते हुए बिहार सरकार ने किसानों को मुआवजा राशि जारी कर दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रबी सीजन 2025-26 के लिए 3.96 लाख किसानों के खाते में मुआवजा राशि ट्रांसफर कर दी है. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों में काम कर रही है. सरकार किसानों का नुकसान नहीं होने देगी और इसी वादे को पूरा करते हुए आज नुकसान की भरपाई की गई है.

माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित कार्यक्रम में रबी सीजन 2025-26 के तहत मार्च 2026 के तीसरे और चौथे सप्ताह में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि के चलते हुई फसल क्षति का मुआवजा जारी किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए काम कर रही है और किसी भी किसान का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा. इसी वादे को पूरा करते हुए मुआवजा जारी किया गया है. सरकार का काम प्रभावित किसानों तक राहत राशि पहुंचाने और राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों को आगे बढ़ाना है.

किसानों के खाते में भेजे गए 200 करोड़ रुपये

राज्य सरकार ने कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 3.96 लाख से अधिक प्रभावित किसानों को 200 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि का डीबीटी के माध्यम से वितरित कर दी है. यह पहल किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुई फसल क्षति की भरपाई करने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है. वहीं, जिन किसानों को इस बार राशि जारी नहीं हो सकी है उनको दूसरे चरण में जारी किए जाने की संभावना जताई गई है.

गेहूं-चना के साथ लीची फसल को भारी नुकसान हुआ

मार्च 2026 में बिहार में आए आंधी-तूफान, असामयिक बारिश और ओलावृष्टि के चलते मुख्य रूप से गेहूं, मक्का, चना, मसूर, सरसों और सब्जी फसलों को भारी नुकसान हुआ था. इसके अलावा कई क्षेत्रों में केला, आम और लीची जैसी बागवानी फसलें भी प्रभावित हुई थीं. कटाई के लिए तैयार खड़ी फसलें तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में गिर गई थीं, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.

13 जिलों को आपदा प्रभावित घोषित किया गया था

सबसे अधिक नुकसान बिहार के सीमांचल और कोसी क्षेत्र में दर्ज किया गया था. बिहार के पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया और भागलपुर जिलों में फसलों को बड़े स्तर पर क्षति दर्ज की गई थी. किशनगंज और सीमांचल क्षेत्र में तेज आंधी और तूफान के कारण मक्का की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान बताया गया, जबकि दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी और बेगूसराय समेत 13 जिलों को आधिकारिक रूप से प्रभावित घोषित किया गया था.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 Jun, 2026 | 12:09 PM

लेटेस्ट न्यूज़