होली से पहले नीतीश सरकार ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा, 25 लाख खातों में पहुंचे 10-10 हजार रुपये
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लाभार्थियों के खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. इससे 25 लाख महिला लाभार्थियों को फायदा हुआ है. यानी 25 लाख महिला लाभार्थियों के खाते में योजना की राशि पहुंच गई है. वहीं, प्रदेश की महिलाओं ने सरकार के इस कदम पर खुशी जताई है.
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने प्रदेश की 25 लाख महिलाओं को बहुत बड़ा गिफ्ट दिया है. नीतीश सरकार ने सोमवार यानी 16 फरवरी को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लाभार्थियों के खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए हैं. इससे 25 लाख महिला लाभार्थियों को फायदा हुआ है. यानी 25 लाख महिला लाभार्थियों के खाते में योजना की राशि पहुंच गई है. वहीं, प्रदेश की महिलाओं ने सरकार के इस कदम पर खुशी जताई है. महिलाओं का कहना है कि नीतीश सरकार ने त्योहार से पहले बहुत बड़ा होली का तोहफा दिया है. इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की थी. इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है. साथ ही उन्हें स्वरोजगार और आजीविका के अवसर भी प्रदान करने हैं. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि योजना शुरू होने के बाद से अब तक लगभग 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार पहुंच चुके हैं. अधिकारियों ने कहा कि इस योजना की राशि से महिलाओं को काफी फायदा हुआ है. वे इस राशि से बिजनेस शुरू कर रही हैं.
बिहार में आज महिलाएँ सिर्फ जिम्मेदारियाँ ही नहीं निभा रहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की राह भी खुद बना रही हैं। माननीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar की पहल से अब हजारों नहीं, लाखों जीविका दीदीयों के सपनों को सहारा मिला है। आज 25 लाख महिलाओं के खातों में ₹10,000 की राशि डीबीटी के… pic.twitter.com/cvQ7GOaowT
और पढ़ें— JEEVIKA Bihar (@brlps_jeevika) February 16, 2026
नीतीश सरकार ने खर्च किए 2500 करोड़ रुपये
खास बात यह है कि नीतीश सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज 2500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. हालांकि, अब तक इस योजना के माध्यम से महिला लाभार्थियों के खातों में 18 हजार 100 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं. सरकार को उम्मीद है कि इस योजना की मदद से प्रदेश में गरीबी दूर होगी. ग्रामीण इलाकों की महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी. वहीं, कुछ महिला लाभार्थियों को 2 लाख रुपये की अगली किस्त का इंतजार है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि 2 लाख रुपये एक साथ नहीं जारी किएजाएंगे. यह पैसा 4 किस्तों में जारी होगा. इसमें खुद का योगदान भी देना होगा. साथ ही सरकार ने कुछ शर्तें भी लगाई हैं. इन शर्तों को पूरा करने के बाद ही आगे की राशि मिल पाएगी.
अब लाभार्थियों की होगी जांच, तब मिलेगा लाभ
अधिकारियों का कहना है कि स्वयं सहायता समूहों के जरिये लाभार्थी महिलाओं को योजना की राशि उपलब्ध कराई जा रही है. इस योजना का संचालन मुख्य रूप से जीविका नेटवर्क के जरिए किया जा रहा है. नीतीश सरकार अब अगले चरण में पात्र महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की तैयारी में है. हालांकि, इस बार प्रक्रिया को और सख्त बनाया गया है. राशि ट्रांसफर करने से पहले वार्ड स्तर पर डिटेल्स जांच अनिवार्य कर दी गई है.
किन महिलाओं को मिलता है योजना का लाभ
- महिला की उम्र 18 से 60 साल की होनी चाहिए.
- महिला या फिर उनके परिवार का कोई भी सदस्य इनकम टैक्स के दायरे में नहीं होना चाहिए.
- परिवार के किसी भी सदस्य के पास सरकारी नौकरी नहीं होनी चाहिए.
- आवेदन करने के लिए महिला का स्वयं सहायता समूह से जुड़ा होना जरूरी है.
- एक परिवार की एक ही महिला को योजना का लाभ दिया जाएगा.
- अविवाहित महिला जिनके माता-पिता भी नहीं है, उन्हें अलग परिवार माना जाएगा.