लहसुन का 20 हजार रुपये भाव पाकर चहके किसान, मंडी पहुंच रहे रोजाना 3 हजार कट्टे

Garlic Mandi Rates: विपरीत मौसम और कम बारिश के चलते मिट्टी में नमी की घटती मात्रा ने लहसुन फसल को तैयार होने में सामान्य से ज्यादा वक्त लगाया है. हालांकि, अब बाजार में आवक शुरू होने पर किसान 20 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव पाकर खुश हैं.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 23 May, 2026 | 04:30 PM

हिमाचल प्रदेश की कई मंडियों में लहसुन की आवक बढ़ गई है. मंडियों में किसानों को 20 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव मिल रहा है, जो सामान्य भाव से लगभग 3 से 5 हजार रुपये अधिक है. राजस्थान में लहसुन का भाव 15 हजार रुपये चल रहा है और उत्तर प्रदेश में तो इससे भी कम है. हालांकि, मध्य प्रदेश की कुछ मंडियों में बेस्ट क्वालिटी के लहसुन का भाव 20 हजार रुपये मिल रहा है. ऐसे में हिमाचल के किसानों को 20 हजार का भाव मिलने से उनके चेहरे खिल गए हैं. हालांकि, मौसम बदलावों और समान्य से कम बारिश की वजह से लहसुन की कटाई 5 महीने की बजाय 9 महीने में हुई है.

कुल्लू में 5 की बजाय 9 माह में तैयार हुई लहसुन की फसल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के मौहल, महाराजा कोठी, लगघाटी, मणिकर्ण, गड़सा, सैंज और बंजार क्षेत्रों में इन दिनों किसान खेतों में लहसुन की फसल निकालने में जुटे हुए हैं. करीब नौ माह बाद तैयार हुई इस फसल से किसानों और बागवानों को अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी आर्थिकी मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है. इन दिनों बाजार में लहसुन 100 से 200 रुपये प्रति किलो यानी 20 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक के भाव में बिक रहा है. लगघाटी के किसान अपनी फसल निकालने के कार्य में व्यस्त हैं और खेतों में लगातार काम कर रहे हैं.

सितंबर में लगाई फसल मई में काट रहे किसान

कुल्लू के लगघाटी के किसान संजीव कुमार ने मीडिया को बताया कि लहसुन की फसल लंबी अवधि वाली फसल है, जिसे सितंबर माह में लगाया जाता है और मई के अंत में तैयार होने पर निकाला जाता है. उन्होंने कहा कि सर्दियों में बर्फबारी और लंबे ठंडे मौसम के कारण फसल को तैयार होने में करीब नौ माह का समय लगता है. उन्होंने बताया कि पिछले चार-पांच वर्षों से किसानों को लहसुन के अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिसके चलते किसानों का रुझान इसकी खेती की ओर बढ़ा है. किसानों द्वारा कश्मीरी लहसुन के बीज का अधिक प्रयोग किया जा रहा है, जिसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं. हालांकि मौसम की बेरुखी, एक ही खेत में लगातार बुवाई और अधिक दवाइयों के प्रयोग के कारण मिट्टी और फसल पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इसके चलते कई किसानों की फसल बीमारियों से प्रभावित हुई है.

कम बारिश के चलते देर से उगी फसल और उत्पादन घटा

संजीव कुमार ने कहा कि इस बार किसानों को 160 से 200 रुपये प्रति किलो तक दाम मिल रहा है. इससे किसानों और बागवानों को मुनाफा हासिल हो रहा है. वहीं स्थानीय किसान डावे राम ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश किसान और बागवान सेब और लहसुन की खेती पर निर्भर हैं. उन्होंने कहा कि मौसमी बारिश के कारण इस बार फसल को नुकसान पहुंचा है और फसल तय समय से देरी से तैयार हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि इस बार उत्पादन कम है. किसान मेहर चंद ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना है. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण इस वर्ष लहसुन की पैदावार में कमी आई है, लेकिन कुल्लू का लहसुन गुणवत्ता के लिए जाना जाता है. उन्होंने बताया कि इस बार किसानों ने कश्मीर से आए बीज करीब 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदे थे.

सोलन मंडी में 3 हजार कट्टे लहसुन रोजाना पहुंच रहा

सोलन सब्जी मंडी इन दिनों लहसुन की आवक से गुलजार है. प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसान अपनी लहसुन की फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं. रोजाना करीब 3 हजार कट्टे लहसुन बिक्री के लिए सोलन मंडी में पहुंच रहे हैं. इस बार किसानों को लहसुन के बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिससे उनके चेहरों पर रौनक लौट आई है। मंडी में लहसुन की कीमत गुणवत्ता के अनुसार तय हो रही है. आज लहसुन 40 रुपये प्रति किलो से लेकर 200 रुपये प्रति किलो तक बिका है. बेहतरीन क्वालिटी वाले लहसुन को सबसे अधिक भाव मिल रहा है.

अच्छा दाम पाने के लिए किसान लहसुन को ग्रेड करके लाएं

प्रदेश भर से आए किसानों ने बताया कि इस बार लहसुन के दाम पिछले वर्ष की तुलना में काफी अच्छे हैं, जिससे उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है. किसानों ने कहा कि बेहतर दाम मिलने से वे बेहद खुश हैं. वहीं सोलन मंडी के लहसुन के आढ़ती मुकेश कुमार ने बताया कि मंडी में लहसुन 40 रुपये प्रति किलो से 150 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. उन्होंने कहा कि लहसुन की कीमत उसकी गुणवत्ता पर निर्भर करती है. इस मर्तबा किसानों को लहसुन के दाम भी बेहतर मिल रहे हैं जिससे किसानों के चेहरे पर रौनक लौट आई है. शानदार गुणवत्ता वाले लहसुन को 200 रुपये तक मिले हैं. लहसुन आढ़ती मुकेश कुमार ने बताया कि लहसुन गुणवत्ता के हिसाब से बिक रहा है व किसान अपने लहसुन को ग्रेड करके लाएं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in