चीनी के दाम में 14 फीसदी तक उछाल, त्योहारों से पहले मिठाइयां हो सकती हैं महंगी

देश में चीनी की कीमतों में तेजी जारी है. पिछले एक महीने में कई राज्यों में दाम 8 से 14 फीसदी तक बढ़े हैं. उत्पादन में कमी और अगले सीजन की चिंता को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है. त्योहारों से पहले मांग बढ़ने की संभावना है. सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए स्टॉक लिमिट लागू की है और मिलों की जांच बढ़ाई है.

नोएडा | Updated On: 8 Aug, 2026 | 02:00 PM

Sugar Price Hike: देश के कई हिस्सों में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है. पिछले एक महीने में दिल्ली, मुंबई और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में चीनी के दाम करीब 8 से 14 फीसदी तक बढ़ गए हैं. सरकार की कोशिशों के बावजूद कीमतों में तेजी जारी है. थोक बाजार में चीनी करीब 400 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गई है. इसकी मुख्य वजह चीनी उत्पादन में कमी बताई जा रही है. वहीं, अल नीनो के असर से अगले सीजन में भी उत्पादन घटने की आशंका है. अगर कीमतों में बढ़ोतरी का यह सिलसिला जारी रहा, तो आगामी त्योहारों के दौरान मिठाइयां महंगी हो सकती हैं. वहीं, जानकारों का कहना है कि गणेश चतुर्थी से त्योहारी सीजन शुरू हो जाएगा. ऐसे में मार्केट में चीनी की मांग और बढ़ जाएगी. इससे कीमतों में और बढ़ोतरी होने की आशंका है.

चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का सख्त फैसला

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी की बढ़ती कीमतों  को नियंत्रित करने और त्योहारों के दौरान पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए चीनी मिलों ने बड़ा फैसला लिया है. इस साल मिलें तय समय से 10 से 15 दिन पहले गन्ने की पेराई शुरू कर सकती हैं. इसके लिए उसने सरकार से अनुमति मांगी है. इसके अलावा, केंद्र सरकार ने चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए कारोबारियों और मिलों पर स्टॉक लिमिट लागू की है. मिलों के स्टॉक की जांच भी बढ़ा दी गई है.

इन शहरों में चीनी सबसे ज्यादा हुई महंगी

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में देश के कई बड़े शहरों और राज्यों में चीनी की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. सबसे ज्यादा तेजी पश्चिम बंगाल और चेन्नई में देखने को मिली है.

दिल्ली में चीनी 45 रुपये से बढ़कर 49 रुपये प्रति किलो हो गई है.
मुंबई में चीनी 46 रुपये से बढ़कर 52 रुपये प्रति किलो बिक रही है.
पश्चिम बंगाल में चीनी 49 रुपये से बढ़कर रुपये 55 प्रति किलो हो गई है.
रांची में चीनी 47 रुपये से बढ़कर 51 रुपये प्रति किलो बिक रही है.
चेन्नई में चीनी का भाव 46 रुपये से बढ़कर 53 रुपये प्रति किलो हो गई है.

चीनी उत्पादन अनुमान से 5 फीसदी कम, अगले सीजन की चिंता से बढ़े दाम

भारत में इस साल चीनी का उत्पादन  अनुमान से करीब 5 फीसदी कम रहा है. उत्पादन 2.93 करोड़ टन रहने का अनुमान था, लेकिन वास्तविक उत्पादन करीब 2.8 करोड़ टन हुआ. देश में सालाना चीनी की खपत भी करीब 2.8 करोड़ टन है. इस साल 8 लाख टन चीनी का निर्यात  भी हुआ है.  पिछले साल का करीब 50 लाख टन स्टॉक अभी मौजूद है, लेकिन अगले सीजन में उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ गई है.इसी वजह से बाजार में चीनी की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है और दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं.

Published: 8 Aug, 2026 | 01:56 PM

Topics: