मुर्रा भैंस खरीदने का सुनहरा मौका! सरकार दे रही 75 फीसदी सब्सिडी, 2 भैंसों पर मिलेगी लाखों की मदद
Dairy Plus Yojana: मध्य प्रदेश के किसानों और पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप डेयरी व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं लेकिन पूंजी की कमी रास्ते में आ रही है, तो मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना आपके लिए बड़ा मौका साबित हो सकती है. इस योजना के तहत सरकार मुर्रा नस्ल की भैंस खरीदने पर 75 फीसदी तक सब्सिडी दे रही है. खास बात यह है कि दो भैंसों की यूनिट लगाने के लिए लाखों रुपये की सहायता के साथ भैंस खरीदने से जुड़ा कई खर्च भी सरकार खुद उठा रही है.

मध्य प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के तहत किसानों और पशुपालकों को मुर्रा नस्ल की भैंस खरीदने पर 50 से 75 फीसदी तक अनुदान दिया जा रहा है, जिससे डेयरी व्यवसाय शुरू करना आसान हो गया है.

योजना के तहत दो मुर्रा भैंसों की डेयरी यूनिट लगाने के लिए सरकार करीब 3 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दे रही है, जिससे कम निवेश में नियमित आय का स्रोत तैयार किया जा सकता है.

मुर्रा भैंस देश की सबसे लोकप्रिय दुग्ध नस्लों में से एक है. यह प्रतिदिन 10 से 15 लीटर तक दूध दे सकती है और इसके दूध में फैट की मात्रा अधिक होने के कारण बाजार में अच्छी कीमत मिलती है.

सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को करीब 1.47 लाख रुपये जमा करने होते हैं, जबकि एससी-एसटी वर्ग को केवल 73,700 रुपये देने होते हैं. बाकी राशि सरकार सब्सिडी के रूप में देती है.

योजना के तहत चयनित किसानों को मुर्रा भैंस खरीदने के लिए हरियाणा भेजा जाता है. यात्रा, रहने और भैंसों को वापस लाने का पूरा खर्च सरकार वहन करती है.

18 से 60 वर्ष की आयु के पात्र किसान पशु चिकित्सालय, जनसेवा केंद्र या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. योजना 'पहले आओ, पहले पाओ' आधार पर चल रही है, इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है.