Lemon Plants: नींबू का पौधा लगाने के तीन से चार साल बाद फल आने लगते हैं. लेकिन कई बार किसान यह देखकर हैरान हो जाते हैं कि पौधों में फूल नहीं आते या झड़ जाते हैं. इससे उत्पादन पर असर पड़ता है और मेहनत व्यर्थ लगती है. गर्मियों में बाजार में नींबू की मांग बढ़ जाती है, इसलिए यह समय किसानों के लिए कमाई का बड़ा अवसर होता है. कई किसान रासायनिक कीटनाशक और खाद का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अक्सर इससे ज्यादा फायदा नहीं होता. अब घरेलू और देसी उपायों की मदद से यह समस्या आसानी से हल की जा सकती है.
लकड़ी की राख-फूल और फल बढ़ाने का घरेलू जादू
NHRDF के डॉ. रजनीश मिश्रा, संयुक्त निदेशक (बागवानी) के अनुसार, लकड़ी की राख नींबू के पौधों के लिए बहुत उपयोगी है. इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे खनिज तत्व पाए जाते हैं. पोटैशियम पौधों में फूल और फल के विकास के लिए बेहद जरूरी है. मैग्नीशियम पत्तियों को हरा-भरा बनाए रखता है और कैल्शियम जड़ों को मजबूत करता है. इस तरह फूल झड़ने की समस्या कम होती है और पौधे की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है.
सही समय पर राख डालें
जब नींबू के पौधों में फूल आने लगें, तो जड़ों के पास मिट्टी हल्की उठाकर लकड़ी की राख डालें. इसके बाद ऊपर से थोड़ी मिट्टी डालकर हल्का पानी दें. यह तरीका पौधे को पोषण देता है और फूलों को गिरने से रोकता है. सिर्फ जड़ों पर ही नहीं, बल्कि जब फूल पूरी तरह से लग जाएं तो राख को पत्तियों पर भी छिड़क दें. इससे हानिकारक कीट पत्तियों पर नहीं बैठते और फूल सुरक्षित रहते हैं.
नींबू की खेती से मुनाफा बढ़ेगा
कुछ क्षेत्रों में नींबू की खेती तेजी से बढ़ रही है. एक बार पौधा लगाने के बाद 8-9 साल तक फल देता है. नींबू का इस्तेमाल शरबत, सलाद और ठंडे पेयों में किया जाता है, इसलिए बाजार में इसकी मांग सालभर बनी रहती है. अगर फूल झड़ने की समस्या कम हो जाए तो किसान अच्छी मात्रा में फल प्राप्त कर सकते हैं. इससे उत्पादन बढ़ेगा और मुनाफा भी अधिक होगा. लकड़ी की राख जैसे घरेलू उपाय के साथ नियमित देखभाल से खेती और भी लाभकारी बन सकती है.
देसी उपायों के फायदे
घरेलू उपायों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह पौधे के लिए प्राकृतिक और सुरक्षित होता है. न तो रासायनिक कीटनाशक की जरूरत पड़ती है और न ही ज्यादा खर्च. लकड़ी की राख से पौधों की सेहत, फूलों और फलों की संख्या दोनों बढ़ती हैं साथ ही, यह तरीका आसान है और हर किसान अपने खेत में आसानी से अपना सकता है. नींबू की डालियां फल से लद जाएंगी और पड़ोसी या दोस्त पूछेंगे कि इस साल इतने अच्छे फल कैसे हुए.