Paddy Farming: बासमती धान की खेती में इन बातों का रखें ध्यान, बढ़ेगी पैदावार और होगी अच्छी कमाई

बासमती धान की खेती में सही बीज, सही समय और संतुलित खाद का इस्तेमाल बहुत जरूरी माना जाता है. कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर किसान फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों बढ़ा सकते हैं. सही तरीके से खेती करने पर बाजार में बेहतर दाम मिलते हैं और किसानों की कमाई में भी अच्छा फायदा होता है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 22 May, 2026 | 09:19 AM

Basmati Rice: देश में बड़ी संख्या में किसान बासमती धान की खेती करते हैं क्योंकि बाजार में इसकी अच्छी कीमत मिलती है. लेकिन कई बार सही जानकारी की कमी के कारण किसानों को उम्मीद के मुताबिक उत्पादन नहीं मिल पाता. खेती से ज्यादा मुनाफा पाने के लिए बीज, खाद, पानी और दवाओं का सही इस्तेमाल बहुत जरूरी होता है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसान कुछ आसान तरीकों को अपनाएं तो बासमती की फसल मजबूत होगी और पैदावार भी बढ़ेगी.

अच्छे बीज का चुनाव सबसे जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार अच्छी फसल के लिए सबसे पहले मजबूत और सही बीज चुनना  जरूरी है. किसान जब बाजार से बीज खरीदें तो उसे सीधे खेत में न डालें. पहले बीज की जांच जरूर करें. इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी लें और उसमें थोड़ा नमक मिला दें. अब बीजों को उस पानी में डालें. कुछ देर बाद खराब और हल्के बीज पानी के ऊपर तैरने लगेंगे, जबकि अच्छे और मजबूत बीज नीचे बैठ जाएंगे. किसानों को नीचे बैठे हुए बीजों का ही इस्तेमाल करना चाहिए. मजबूत बीज लगाने से पौधे अच्छे बनते हैं और उत्पादन भी ज्यादा मिलता है. इससे बाजार में फसल की कीमत भी बेहतर मिलती है.

बिना सलाह के दवा का इस्तेमाल न करें

कई किसान दूसरे खेतों को देखकर अपनी फसल में दवा और खाद डालने  लगते हैं. लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा करना नुकसान पहुंचा सकता है. हर खेत की मिट्टी अलग होती है और उसकी जरूरत भी अलग होती है. अगर जरूरत से ज्यादा खाद या दवा डाली जाए तो फसल खराब हो सकती है. इसलिए खेत में किसी भी दवा या खाद का इस्तेमाल करने से पहले मिट्टी की जांच करवाना जरूरी है. कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर ही पानी, खाद और दवा की मात्रा तय करनी चाहिए. सही मात्रा में इस्तेमाल करने से फसल स्वस्थ रहती है और खर्च भी कम होता है.

नर्सरी में शाम को डालें बीज

बासमती धान की नर्सरी तैयार करते  समय समय का ध्यान रखना भी जरूरी है. विशेषज्ञों के मुताबिक बीज हमेशा शाम के समय ही डालना चाहिए. शाम के समय तापमान कम रहता है, जिससे बीज अच्छी तरह उगते हैं और पौधे मजबूत बनते हैं. वहीं दोपहर की तेज धूप में बीज डालने से पौधों की ग्रोथ कमजोर हो सकती है. इसके साथ ही धान की रोपाई के समय खेत में पर्याप्त पानी होना चाहिए. पानी सही मात्रा में होने से पौधों की जड़ें आसानी से मिट्टी में पकड़ बना लेती हैं और पौधे तेजी से बढ़ते हैं.

सही देखभाल से बढ़ेगा मुनाफा

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बासमती धान  की खेती में छोटी-छोटी सावधानियां बहुत बड़ा फायदा दे सकती हैं. सही बीज, सही समय पर रोपाई, संतुलित खाद और जरूरत के अनुसार दवा का इस्तेमाल करने से फसल की गुणवत्ता बेहतर होती है. अच्छी गुणवत्ता वाली बासमती फसल बाजार में ऊंचे दाम पर बिकती है, जिससे किसानों की कमाई बढ़ती है. सरकार भी किसानों के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ लेकर किसान खेती में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकते हैं. अगर किसान वैज्ञानिक तरीकों से खेती करें और जल्दबाजी में गलत फैसले न लें, तो बासमती धान की खेती उनके लिए ज्यादा मुनाफे का सौदा बन सकती है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़