46 लाख किसानों को बड़ी राहत! आज खातों में पहुंचेंगे 3125 करोड़ रुपये.. CM जारी करेंगे योजना की राशि

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू आज 'अन्नदाता सुखीभव-पीएम किसान' योजना के तहत 3,125.47 करोड़ रुपये जारी करेंगे. इससे 46.85 लाख से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिलेगा. योजना के तहत किसानों को सालाना 20,000 रुपये की सहायता दी जाती है. पहली किस्त में राज्य और केंद्र सरकार मिलकर किसानों के खातों में 7,000 रुपये जमा करेंगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 20 Jun, 2026 | 01:07 PM

Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू शनिवार को पलनाडु जिले के चिलकलुरिपेट मंडल के लिंगंगुंटला गांव से ‘अन्नदाता सुखीभव-पीएम किसान’ योजना के तहत किसानों के खातों में 3,125.47 करोड़ रुपये जारी करेंगे. इस राशि का लाभ राज्य के 46.85 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा. इनमें 45.69 लाख भूमिधारक किसान परिवार और वनाधिकार कानून के तहत खेती करने वाले 1.16 लाख से अधिक RoFR किसान परिवार शामिल हैं.

सरकार के अनुसार, पिछले वर्ष इस योजना के तहत किसानों को कुल 8,985.41 करोड़ रुपये वितरित किए गए थे. इसमें 6,560.18 करोड़ रुपये राज्य सरकार और 2,425.23 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से दिए गए थे. अन्नदाता सुखीभव-पीएम किसान योजना  राज्य सरकार के सुपर सिक्स वादों का हिस्सा है. इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को सालाना 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इसमें 14,000 रुपये राज्य सरकार और 6,000 रुपये केंद्र सरकार पीएम-किसान योजना के माध्यम से देती है. यह राशि अलग-अलग किस्तों में किसानों के खातों में भेजी जाती है.

किसानों को मिलेंगे 5,000 रुपये

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की पहली किस्त के तहत राज्य सरकार 5,000 रुपये और केंद्र सरकार पीएम-किसान योजना के तहत 2,000 रुपये देगी. इस तरह पात्र किसानों के खाते में एक साथ 7,000 रुपये जमा होंगे. कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू शनिवार को दोपहर के समय लिंगंगुंटला गांव पहुंचेंगे. इसके बाद वह गांव के आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे.

पिछले साल जारी हुए थे 3,174 करोड़ रुपये

इससे पहले आंध्र प्रदेश सरकार ने 2 अगस्त 2025 को योजना की पहली किस्त के रूप में 3,174 करोड़ रुपये जारी किए थे, जिसके तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 7,000 रुपये भेजे गए. इसके बाद 19 नवंबर 2025 को दूसरी किस्त के रूप में 3,135 करोड़ रुपये वितरित किए गए और किसानों को फिर से 7,000 रुपये की सहायता मिली. सरकार का कहना है कि पीएम किसान योजना के 6,000 रुपये को जोड़कर हर किसान परिवार को सालाना 20,000 रुपये की मदद देने का वादा पूरा किया जा रहा है.

आज जारी होगी पीएम किसान की 23वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली से पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे. इसके तहत देशभर के किसानों के खातों में 2,000 रुपये की राशि भेजी जाएगी. इस किस्त का लाभ आंध्र प्रदेश के किसानों को भी मिलेगा. केंद्र सरकार 18,880 करोड़ रुपये जारी करेगी, जिससे देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को फायदा होगा.

एक्वा फीड की कीमत में कटौती

वहीं, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को मछली और झींगा पालन में इस्तेमाल होने वाले एक्वा फीड की कीमत 4 रुपये प्रति किलोग्राम घटाने का फैसला किया था. इसके बाद फीड का अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) 112 रुपये से घटकर 108 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है. सरकार के इस फैसले से लाखों मछली पालक किसानों को सीधा फायदा होगा. उत्पादन लागत कम होगी और एक्वाकल्चर क्षेत्र को राहत मिलेगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Jun, 2026 | 01:03 PM

लेटेस्ट न्यूज़