NEET Exam 2026: देशभर में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने छात्रों के लिए बड़ी राहत दी है. परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने पहले से चल रही परीक्षा विशेष ट्रेनों की अवधि एक दिन के लिए बढ़ा दी है. अब ये ट्रेनें दिल्ली और सहारनपुर के बीच 21 जून को भी संचालित होंगी. कुछ ट्रेनों का संचालन 22 जून तक जारी रहेगा, जिससे छात्रों को परीक्षा के बाद घर लौटने में भी आसानी होगी.
छात्रों की सुविधा के लिए रेलवे का बड़ा फैसला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र दिल्ली में परीक्षा देने पहुंचते हैं. ऐसे में परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए विशेष ट्रेनों का संचालन बढ़ाया गया है. दिल्ली में इस बार NEET परीक्षा के लिए 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं से छात्रों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी.
04427 और 04428 स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
04427 नंबर की परीक्षा विशेष ट्रेन, जिसे पहले 20 जून तक चलाने की योजना थी, अब 21 जून को भी चलेगी. ये ट्रेन शाम 5:15 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर रात 10 बजे सहारनपुर पहुंचेगी. वहीं 04428 नंबर की विशेष ट्रेन को भी एक दिन का विस्तार दिया गया है. ये ट्रेन 22 जून को भी चलेगी. सहारनपुर से सुबह 4:45 बजे चलकर यह ट्रेन सुबह 9:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी.
इन ट्रेनों का भी बढ़ाया गया संचालन
04429 नंबर की विशेष ट्रेन, जिसका संचालन 20 जून तक निर्धारित था, अब 21 जून को भी चलाई जाएगी. ये ट्रेन सुबह 10:50 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर दोपहर 3:30 बजे सहारनपुर पहुंचेगी. इसके अलावा 04430 नंबर की विशेष ट्रेन भी 21 जून को संचालित होगी. ये ट्रेन सहारनपुर से शाम 5:45 बजे चलेगी और रात 10:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
परीक्षा देने वालों को मिलेगा सीधा फायदा
रेलवे के इस फैसले से हजारों NEET अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा. परीक्षा के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ये कदम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सुरक्षित तरीके से घर लौटने में मदद मिलेगी. रेलवे की ये पहल परीक्षा के दौरान यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है.