Tips For Farmers: खरीफ और रबी सीजन में जब फसल तैयार होती है, तो किसानों की सबसे बड़ी चिंता होती है उसे सुरक्षित रखना. खासकर गर्मियों के मौसम में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरी मेहनत बर्बाद हो सकती है. बिहार सरकाक के अनुसार बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और मशीनों के पास छोटी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है. ऐसे में सही जानकारी और सावधानी ही फसल को बचाने का सबसे बड़ा उपाय है.
ट्रांसफॉर्मर और बिजली के खंभों से रखें दूरी
कटाई के बाद अक्सर किसान फसल को खेत में ही इकट्ठा करके रख देते हैं. लेकिन ध्यान रखें कि ट्रांसफॉर्मर या बिजली के खंभों के पास फसल जमा करना बेहद खतरनाक हो सकता है. इन जगहों पर स्पार्किंग (चिंगारी) का खतरा रहता है, जिससे सूखी फसल में तुरंत आग लग सकती है. इसलिए हमेशा फसल को सुरक्षित दूरी पर ही रखें.
ज्वलनशील सामग्री को न होने दें जमा
ट्रांसफॉर्मर या बिजली के खंभों के आसपास सूखी घास, पत्ते या अन्य ज्वलनशील सामग्री जमा होने देना भी जोखिम भरा होता है. ये चीजें आग पकड़ने में बेहद तेज होती हैं और एक छोटी सी चिंगारी भी बड़ी आग का रूप ले सकती है. इसलिए खेत और आसपास की सफाई नियमित रूप से करते रहें. थ्रेशर, हार्वेस्टिंग मशीन या ट्रैक्टर का इस्तेमाल करते समय बिजली के तारों और खंभों से दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है. कई बार मशीनों के ऊंचे हिस्से तारों के संपर्क में आ सकते हैं, जिससे न सिर्फ आग लग सकती है बल्कि जान का भी खतरा रहता है.

फसल को आग से बचाने के टिप्स
खराब तारों का इस्तेमाल न करें
खेतों में बिजली से चलने वाले उपकरणों का उपयोग करते समय हमेशा अच्छे और सही तारों का ही इस्तेमाल करें. कटे-फटे या खराब तारों से स्पार्किंग हो सकती है, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है. यह लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है.
छोटी सावधानी, बड़ा बचाव
अक्सर किसान इन छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही छोटी गलतियां बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं. अगर समय रहते सावधानी बरती जाए, तो फसल को आग से बचाया जा सकता है और मेहनत की कमाई सुरक्षित रखी जा सकती है. फसल को सुरक्षित रखना उतना ही जरूरी है जितना उसे उगाना. बिजली उपकरणों के आसपास सतर्कता, साफ-सफाई और सही उपकरणों का उपयोग करके आग जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है.