Pulses Retail Price Latest : त्योहारी मौसम के दौरान बढ़ती मांग के अनुरूप घरेलू बाजार में आपूर्ति की कमी ने दालों की कीमतों में आग लगा दी है. आयातित दाल स्टॉक में आई गिरावट ने भी कीमतों पर दबाव बनाया है. उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार तूर यानी अरहर दाल की खुदरा कीमत सालाना आधार पर 9 फीसदी से ज्यादा बढ़ गई है. वहीं, उड़द दाल में 7 फीसदी से ज्यादा उछाल दर्ज किया गया है. इसी तरह मूंग और मसूर दाल की खुदरा कीमतें भी मासिक और सालाना आधार पर ऊपर चढ़ गई हैं. यह स्थिति रसोई का बजट बढ़ा रही है और उपभोक्ताओं को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है.
अरहर दाल 10 रुपये प्रति किलो महंगी हुई
उपभोक्ता मामले विभाग की मूल्य निगरानी समिति के 7 सिंतबर को जारी दालों के खुदरा मूल्य में सबसे ज्यादा उछाल अरहर की कीमतों में बताया गया है. तूर यानी अरहर दाल की खुदरा कीमत बढ़ गई है. 7 सिंतबर को अरहर दाल की कीमत 123.92 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है. जबकि, एक महीने पहले 123.45 रुपये प्रति किलो और एक साल पहले 113.61 रुपये प्रति किलो थी. यानी मासिक आधार पर अरहर की दाल 0.38 फीसदी और सालाना हिसाब से रुपये 10.31 या 9.07 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
उड़द दाल की खुदरा कीमत 8 रुपये बढ़ी
उड़द दाल की खुदरा कीमत बीते साल की तुलना में 8 रुपये प्रति किलो से ज्यादा महंगी हो गई है. उड़द दाल की मौजूदा खुदरा कीमत 122.68 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है. जो एक महीने पहले 121.87 रुपये प्रति किलो और एक साल पहले 113.83 रुपये प्रति किलो थी. यानी महीने में 0.66 फीसदी और सालभर में 8.85 रुपये या 7.77 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. एक्सपर्ट का मानना है कि त्योहारी सीजन होने और आपूर्ति में कमी को देखते हुए कीमतों में और उछाल आ सकता है.
चना दाल 2 फीसदी महंगी होकर 87 रुपये प्रति किलो पहुंची
चना दाल के खुदरा भाव में भी 2 रुपये प्रति किलो का उछाल दर्ज किया गया है. चना दाल की 7 सितंबर को मौजूदा कीमत 87.74 रुपये प्रति किलो है. एक महीने पहले यह 86.84 रुपये किलो और एक साल पहले 85.63 रुपये प्रति किलो थी. यानी महीने में 1.04 फीसदी और सालभर में 2.11 रुपये या 2.46 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
मूंग और मसूर के दाम ने भी रुलाया
मूंग दाल की मौजूदा कीमत 111.96 रुपये प्रति किलो है जो सालभर पहले की तुलना में 2.92 या 2.68 फीसदी महंगी हुई है. वहीं, मसूर दाल की मौजूदा कीमत 90.62 रुपये प्रति किलो है. एक महीने पहले 90.47 रुपये भाव था, जबकि एक साल पहले 87.54 रुपये प्रति किलो दाल थी. इस हिसाब से सालाना आधार पर मसूर दाल 3.08 रुपये या 3.52 फीसदी महंगी हो गई हो गई है.