राजस्थान में भारी बारिश से फसलें चौपट, मक्का-बाजरा और मूंगफली की फसलें पानी में डूबीं

Rain Damage Crops: राजस्थान के नागौर समेत कई जिलों में मूंगफली, मूंग दाल और मक्का के साथ ही बाजरा की खेती को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है. क्योंकि, इन हिस्सों में दो दिनों से हो रही बारिश से कई हजार हेक्टेयर खेतों में जलभराव हो गया है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 7 Jul, 2026 | 03:39 PM

Rajasthan News: दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में दो दिनों से हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो रही है. मंगलवार रात से दौसा, पाली, चित्तौड़गढ़,झुंझुनूं, चूरू और सवाईमाधोपुर और नागौर में बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है. सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है. बाजरा, मक्का, मूंग और मूंगफली की फसलें पानी में डूब गई हैं. किसानों ने कहा कि अगल जल्द खेतों से पानी नहीं हटा तो फसल सड़कर पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में इस सप्ताह भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

कोटा से बीकानेर और जयपुर तक तेज बारिश

राजस्थान के जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश हुई. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. सर्वाधिक 91.0 मिलीमीटर बारिश जालौर जिले के जसवंतपुरा में दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के साथ ही नागौर समेत कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश हुई है. वहीं, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों के ग्रामीण हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है.

अगले दो दिन और तेज बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में इस सप्ताह भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. राज्य के पूर्वी भागों में अगले चार से पांच दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, आठ और नौ जुलाई को दक्षिण-पूर्वी एवं पूर्वी राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बेहद भारी बारिश हो सकती है. हालांकि, 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है.

बाड़मेर और पोकरण के किसान खुश

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में पोकरण में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे. बाड़मेर जिले में कल दोपहर बाद अंधड़ के साथ शुरू हुआ बरसात का दौर देर शाम तक जारी रहा. इस दौरान नोखड़ा इलाके में मूसलाधार बारिश हुई. इसके अलावा सेड़वा, धनाऊ और चैहटन समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई. यहां लंबे समय से सूखे जैसी स्थिति बनी हुई थी, अब तेज बारिश से किसानों में खुशी देखी गई.

जलभराव से मूंग और मूंगफली सड़ने का खतरा

नागौर समेत कई जिलों में मूंगफली, मूंग दाल और मक्का के साथ ही बाजरा की खेती को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है. क्योंकि, इन हिस्सों में दो दिनों से हो रही बारिश से कई हजार हेक्टेयर खेतों में जलभराव हो गया है. नागौर के किसानों ने मीडिया से कहा कि मूंग की फसल मूंगफली बारिश के पानी में डूब गई है. अगर जल्द पानी खेत से नहीं हटा तो फसल सड़ जाएगी और भारी नुकसान होगा. वहीं, बाजरा और मक्का को बारिश के साथ तेज हवा चलने से पौधे गिर गए हैं. इससे उत्पादन घटने की चिंता सता रही है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 7 Jul, 2026 | 03:37 PM

लेटेस्ट न्यूज़