कृषि मंत्री बोले- किसान धरती का दूसरा भगवान, इनका सम्मान हर हाल में होना चाहिए

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान ही धरती के असली भगवा हैं और देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. उन्होंने कृषि विकास में ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बिहार की सराहना की, जबकि पश्चिम बंगाल की पूर्व सरकार पर केंद्र की योजनाएं लागू नहीं करने का आरोप लगाया.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 19 May, 2026 | 12:57 PM

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगर धरती पर किसी को असली भगवा कहा जा सकता है, तो वह किसान है. इसलिए किसानों का सम्मान और पूजा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था का आधार है. यानी किसानों की तरक्की के बगैर देश विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता है. उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से अन्न उत्पादन में देश लगातार तरक्की कर रहा है. खासकर धान उत्पादन के मामले में ओडिशा और छत्तीसगढ़ ने कमाल कर दिया है. केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि रोड मैप बनाने में बिहार देश में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है. इसका फायदा वहां के किसानों को भी मिल रहा है.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब बीजेपी की सरकार बन गई है. अब यहां के किसान भी बाकी राज्यों की तरह केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठा पाएंगे. उन्होंने कहा कि पूर्व की ममता सरकार ने केंद्र की कई योजनाओं को लागू ही नहीं कीं. इससे पश्चिम बंगाल के किसान केंद्र की योजनाओं  का लाभ उठाने से वंचित रह गए. दरअसल, पूर्वी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन-2026 में कृषि मंत्री ने ये बातें कहीं.

दलहन-तिलहन की भी करें खेती

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्यों को अब धान के साथ-साथ दलहन और तिलहन की भी खेती करनी चाहिए. किसानों को दलहन-तिलहन  खरीद को लेकर चिंता नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार धान की तरह ही दलहन और तिलहन की भी खरीद करेगी. इसलिए किसानों को फसल विविधिकरण की ओर पढ़ना चाहिए. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे पास 16 हजार कृषि वैज्ञानिक हैं. अब इन वैज्ञानिकों को खेतों में उतारा जाएगा. ये वैज्ञानिक गांवों में जाकर किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने की ट्रेनिंग देंगे. इससे किसानों को काफी फायदा होगा. उनकी कमाई पहले से बेहतर होगी.

फार्मर आईडी बहुत है जरूरी

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा किया गया शोध और अनुसंधान किसानों तक पहुंचना चाहिए. अगर नई-नई खोज का लाभ किसानों को तक नहीं पहुंचता है, तो इसका सही लाभ देश को नहीं मिलेगा. केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए फार्मर आईडी बहुत जरूरी है. देश में बहुत तेजी से फार्मर आईडी बनाई जा रही है. अब हर किसान के लिए फार्मर आईडी जरूरी है. इसके बगैर सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा. इसलिए सभी किसान आईडी बनवा लें. उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी में एक ही जगह पर किसानों की पूरी जानकारी होती है. ऐसे में किसानों को लोन लेने में दिक्कत नहीं होती है.

क्या बोले मुख्यमंत्री

वहीं, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है. इसलिए प्रदेश में कई योजनाओं को शुरू किया गया है. धान के साथ-साथ रबी फसलों पर किसानों को इनपुट राशि दी जा रही है. इससे किसानों को काफी लाभ मिला है. उनकी कमाई में बढ़ोतरी हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मोटे अनाज  की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. साथ ही प्राकृतिक खेती पर भी फोकस है. आने वाले वर्षों में मोटे अनाज के उत्पादन में बहुत तेजी से बढ़ोतरी की उम्मीद है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 19 May, 2026 | 12:28 PM

लेटेस्ट न्यूज़